Weather Alert: सावधान, फिर आ रहा है पश्चिमी विक्षोभ, इतने दिन तक होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

Published On

Weather Alert: हिसार, संदीप सिंहमार। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में शनिवार मध्य रात्रि को हल्की बारिश होने से ठंड बढ़ गयी और रविवार को बादल छाए रहने और बारिश होने का अनुमान है। यह जानकारी मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को दी। आईएमडी ने कहा कि उत्तर-पश्चिमी भारत में मौसम संबंधी गतिविधियां दो पश्चिमी विक्षोभों के कारण तेजी से बदल रही हैं और एक तीसरा विक्षोभ पांच से सात फरवरी, 2026 के बीच पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है।

विभाग ने कहा, “पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक से तीन फरवरी के दौरान हल्की से मध्यम या व्यापक बारिश और हिमपात होने का अनुमान है, जबकि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के निकटवर्ती मैदानी इलाकों में छिटपुट बारिश होने का अनुमान है।” उत्तर-पश्चिमी भारत में अगले 24 घंटों में रात के तापमान में तीन-पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान है जबकि दिन के तापमान में दो-चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड और बढ़ जाएगी।

जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फरबाद और हिमाचल प्रदेश में एक फरवरी को और उत्तराखंड में एक और दो फरवरी को छिटपुट या फिर व्यापक बारिश एवं बर्फबारी होने का अनुमान है, जिसके साथ गरज, बिजली चमकने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में एक फरवरी को और उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश में एक से तीन फरवरी तक छिटपुट से लेकर हल्की बारिश, गरज एवं तेज हवाएं चलने का अनुमान है। पूर्वी राजस्थान में भी दो फरवरी तक ऐसी ही स्थिति रह सकती है।

मौसम विभाग ने एक फरवरी को पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में छिटपुट ओलावृष्टि हो सकती है। बिहार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, असम और मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में एक फरवरी को कुछ इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। एक फरवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में ठंड बढ़ सकती है। दिल्ली और आसपास के इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है क्योंकि तापमान में उतार-चढ़ाव और रुक-रुक कर होने वाली बारिश से आने वाले दिनों में फिर से ठंड बढ़ने का अनुमान है।

About The Author

Related Posts