मुख्यमंत्री सावंत आज बहुमत साबित करेंगे, भाजपा का 21 विधायकों के समर्थन का दावा

Published On
  • विधानसभा में फिलहाल 36 सीटें, बहुमत के लिए 19 चाहिए
  • एमजीपी, जीएफपी के 3-3 विधायकों और 3 निर्दलियों ने भाजपा को समर्थन दिया

पणजी (एजेंसी)

गोवा के नए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत (45) बुधवार को विधानसभा में बहुमत साबित करेंगे। सोमवार देर रात 1.50 बजे सावंत ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। भाजपा ने 21 विधायकों के समर्थन का दावा किया है। महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी), गोवा फॉरवर्ड पार्टी के 3-3 विधायकों और 3 निर्दलियों ने भाजपा को समर्थन दिया है। भाजपा के 12 विधायक हैं। सावंत के साथ 11 मंत्रियों ने भी शपथ ली थी। एमजीपी के विधायक सुदिन धवलीकर और जीएफपी के अध्यक्ष और विधायक विजय सरदेसाई को डिप्टी सीएम होंगे।

इन विधायकों ने ली थी मंत्री पद की शपथ

  • भाजपा: मॉविन गोडिन्हो, विश्वजीत राणे, मिलिंद नाइक और निलेश कबराल
  • एमजीपी: सुदिन धवलीकर, मनोहर अजगांवकर
  • जीएफपी: विजय सरदेसाई, विनोद पालेकर और जयेश सलगांवकर
  • निर्दलीय: रोहन कौंटे और गोविंद गावडे

पर्रिकर के करीबी रहे सावंत

सावंत उत्तरी गोवा स्थित संखालिम विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह पेशे से एक आयुर्वेद चिकित्सक हैं। सावंत की गिनती पर्रिकर के करीबियों में होती थी। प्रमोद सावंत करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं। उनके पास 3.66 करोड़ रुपए की संपत्ति है। हालांकि, सादगी के मामले में सावंत पार्रिकर से अलग हैं। पर्रिकर के पास एक इनोवा कार थी और स्कूटर था। वहीं सावंत के पास 5 कारें हैं।

विधानसभा की स्थिति

40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में इस वक्त 36 विधायक हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर का 17 मार्च को और एक अन्य भाजपा विधायक फ्रांसिस डिसूजा का पिछले महीने निधन हो गया था। कांग्रेस के 2 विधायकों सुभाष शिरोडकर और दयानंद सोप्टे ने पिछले साल इस्तीफा दे दिया था।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts