जावेद अख्तर की मानहानि के आरोप में कंगना रनौत को समन

Published On

पुलिस ने जांच के लिए मांगा समय

मुंबई (एजेंसी)। अपने बयानों को लेकर विवादों में रहने वाली अभिनेत्री कंगना रनौत को एक और समन मिला है। कंगना रणौत को जावेद अख्तर की मानहानि के मामले में मुंबई की एक कोर्ट ने पेश होने का आदेश दिया। बता दें कि गत वर्ष दिसंबर में जावेद ने कंगना के खिलाफ मुंबई की एक मजिस्ट्रेट कोर्ट में मानहानि का मामला दर्ज करवाया था। इसके बाद जावेद अख्तर का बयान रिकॉर्ड किया गया और तब कोर्ट ने जुहू पुलिस को मामले की जांच करने का आदेश दिया।

मामले की अगली सुनवाई 1 मार्च को

पुलिस ने अपनी रिपोर्ट कोर्ट में पेश करते हुए मामले में आगे और जांच की जरूरत बताई। इसके बाद मजिस्ट्रेट ने कंगना को समन जारी किया। जावेद अख्तर के वकील जयकुमार भारद्वाज ने कोर्ट में बताया पुलिस ने पिछले माह कंगना को पूछताछ और बयान दर्ज करवाने के लिए समन भेजा था, लेकिन अभिनेत्री ने उसका कोई जवाब नहीं दिया है। कंगना ने ट्विटर पर ट्वीट किया कि गीदड़ों का एक झुंड और एक शेरनी। मजा आएगा।

गौरतलब है कि जावेद अख्तर ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि कंगना रणौत ने एक टीवी साक्षात्कार में उनके बारे में आपत्तिजनक बयान दिए। अब इस मामले की अगली सुनवाई एक मार्च को होगी।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts