MP Heatwave Alert: मौसम विभाग ने किया आने वाले दिनों को देखते हुए राज्य के 37 जिलों को अलर्ट
खजुराहो में पारा 47.4 डिग्री पर पहुंचा, लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की सलाह
MP Heatwave Alert: भोपाल। मध्य प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को देखते हुए राज्य के 37 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है और लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। MP Weather News
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के पश्चिमी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में पारा 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सबसे अधिक तापमान खजुराहो में 47.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिसने गर्मी के तीखे तेवर का अहसास कराया। इसके अलावा सतना, मंडला, नौगांव और दमोह जैसे क्षेत्रों में भी लू की स्थिति दर्ज की गई।
भोपाल स्थित मौसम केंद्र ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में तापमान और अधिक बना रह सकता है। खासतौर पर दोपहर के समय गर्म हवाओं का असर तेज रहने की संभावना है, जिससे आम लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। MP Weather News
लू की चेतावनी वाले जिलों में भोपाल, रायसेन, विदिशा, सीहोर, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, रतलाम, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, शहडोल, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, कटनी, उमरिया, बालाघाट, सतना, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी सहित कई अन्य जिले शामिल हैं।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल किसी प्रभावी मौसम तंत्र के सक्रिय नहीं होने से गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम नजर आ रही है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से कहा गया है कि वे पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में बाहर निकलने से बचें और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। सिर को ढकने, छाते और धूप के चश्मे का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों ने बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को अधिक सतर्क रहने को कहा है। तेज गर्मी के दौरान अनावश्यक शारीरिक गतिविधियों से बचने और छायादार या ठंडी जगहों पर रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखें और लू से बचाव के उपाय अपनाएं। MP Weather News