रूस ने 1212 यूक्रेनी सैनिकों के शवों को अदला-बदली स्थल पर पहुंचाया

Published On

मॉस्को, (एजेंसी)। रूस ने इस्तांबुल समझौते के अनुसार सीमा के अदला-बदली स्थल पर यूक्रेन के 1212 सैनिकों के शवों पहुंचाया है। लेफ्टिनेंट जनरल एलेक्जेंडर जोरिन ने रविवार को यह जानकारी दी। लेफ्टिनेट जनरल जोरिन, जो रूसी वार्ता समूह के प्रतिनिधि भी हैं। उन्होंने कहा कि यूक्रेन ने संपर्क नहीं किया है, इसलिए शवों का स्थानांतरण और कैदियों की अदला-बदली अभी तक नहीं हुयी है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से आदान-प्रदान की प्रक्रिया के लिए स्थल पर प्रतीक्षा कर रहे कुछ विदेशी मीडिया प्रतिनिधियों ने शवों को ले जा रहे कुछ रेफ्रिजरेटेड ट्रकों की जांच की है।

लेफ्टिनेंट जनरल जोरिन ने कहा कि यूक्रेनी सैनिकों के अधिक शवों वाली ट्रेनें जल्द सीमा की ओर बढ़ना शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि रूस अगले सप्ताह यूक्रेनी सैनिकों के शवों को स्थानांतरित करने के लिए यूक्रेन की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रहा है। यह घटना दोनों पक्षों के बीच कैदियों की अदला-बदली को लेकर चल रहे विवाद के बीच हुई। रूस ने शनिवार को यूक्रेन पर सप्ताहांत में कैदियों की निर्धारित अदला-बदली को स्थगित करने का आरोप लगाया, जबकि यूक्रेन ने इस आरोप से इनकार किया और रूस से ओच्छी हरकत बंद करने का आग्रह किया।

युद्धबंदियों के उपचार के लिए यूक्रेन के समन्वय मुख्यालय ने शनिवार को दावा किया कि यद्यपि यूक्रेन और रूस दोनों ही शहीद सैनिकों के शवों के आदान-प्रदान पर आम सहमति पर पहुँच गए हैं, लेकिन वे अदला-बदली की तिथि पर सहमत नहीं हुए हैं। सोमवार को इस्तांबुल में दोनों पक्षों के बीच वार्ता के दौरान, मास्को ने यूक्रेन को शहीद सैनिकों के 6,000 शव लौटाने पर सहमति व्यक्त की। विश्लेषकों ने उल्लेख किया है कि आरोपों का यह सिलसिला दोनों पक्षों की बढ़ती सैन्य कार्रवाइयों के बीच हुआ है, जिससे नए सिरे से शांति वार्ता की संभावनाओं पर चिंताएँ बढ़ गई हैं।

About The Author

Related Posts