Weather Alert: घर से निकलने से पहले जानें मौसम विभाग की ये भविष्यवाणी, रास्ते में आ सकती है बाधाएं....
घर से निकलने से पहले जानें मौसम विभाग की ये भविष्यवाणी, रास्ते में आ सकती है कुछ बाधाएं....
Weather Alert: हिसार, संदीप सिंहमार। देश के कई राज्यों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब समेत 15 राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 17 से 20 मई के बीच कई इलाकों में मौसम अचानक बिगड़ सकता है।
IMD के मुताबिक कई राज्यों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भयंकर तूफान और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। वहीं हरियाणा के कई जिलों में भी तूफान की आशंका जताई गई है।
पंजाब में मौसम का हाल | Weather Alert
17 से 20 मई के बीच पंजाब के कई जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, अमृतसर, होशियारपुर और मुक्तसर में बिजली कड़कने के साथ तेज तूफान आ सकता है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा पंजाब में 20 मई तक हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
दिल्ली-NCR में धूल भरी आंधी का खतरा
दिल्ली-NCR में 17 और 18 मई को तेज धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक रात के समय बिजली कड़कने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। 17 मई को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि 18 मई को तापमान 43 डिग्री तक जाने का अनुमान है।
यूपी में भीषण गर्मी जारी
उत्तर प्रदेश में फिलहाल गर्मी का प्रकोप जारी है। बांदा में तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। प्रयागराज और झांसी में भी पारा 44 डिग्री के पार दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में दक्षिणी यूपी के कुछ हिस्सों में लू चल सकती है। लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
राजस्थान में फिर बढ़ेगी गर्मी
राजस्थान में 17 मई से तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में तेज गर्मी का दौर शुरू हो सकता है। बीकानेर, शेखावाटी, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ आंधी और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
बिहार के गया, जहानाबाद, औरंगाबाद, पश्चिमी चंपारण, भागलपुर, पूर्णिया, मुंगेर, रोहतास, कैमूर, दरभंगा, मधुबनी, कटिहार, खगड़िया और बेगूसराय समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है। पटना में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
मध्य प्रदेश में भी बारिश की चेतावनी
मध्य प्रदेश के उमरिया, शहडोल, सिंगरौली, सतना, उज्जैन, देवास, बालाघाट, विदिशा, रीवा और कटनी जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। भोपाल में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
About The Author