Punjab
सफाई कर्मचारियों और सरकार में बनी सहमति, जल्द काम पर लौटेंगे सफाई कर्मचारी
चंडीगढ़ में सफाई कर्मचारी यूनियन की एक्शन कमेटी के साथ होगी सरकार की बैठक
चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Chandigarh News: पिछले 15 दिनों से चल रही पंजाब में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को खत्म करने के लिए पंजाब सरकार और सफाई कर्मचारी यूनियन के बीच सहमति बन गई है। इस हड़ताल को वीरवार को चंडीगढ़ में आखिरी बैठक करते हुए समाप्त कर दिया जाएगा, जिसके बाद पूरे पंजाब में सफाई कर्मचारी अपने काम पर लौटकर शहर की सफाई में जुट जाएंगे। पंजाब सरकार को उम्मीद थी कि मंगलवार को ही कई दौर की बैठक के बाद इस हड़ताल को खत्म करने संबंधी फैसला हो जाएगा, लेकिन सफाई कर्मचारी यूनियन के कुछ सदस्य एक्शन कमेटी से बातचीत करने तक कोई भी फैसला लेने से इनकार कर रहे थे।
इसके चलते वित्त मंत्री हरपाल चीमा और स्थानीय निकाय विभाग के मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सफाई कर्मचारियों की पूरी एक्शन कमेटी को चंडीगढ़ में बैठक में बुलाया ताकि मौके पर फैसला लेते हुए इस हड़ताल को समाप्त किया जा सके। हड़ताल के खत्म होने के बाद 24 घंटे के भीतर पंजाब के सभी शहरों को पहले की तरह साफ करने के साथ ही सारे कूड़े के ढेर उठाने का भी निर्देश दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार पंजाब के सफाई कर्मचारी यूनियन के 32 हजार से ज्यादा कर्मचारी अपनी कई मांगों को लेकर पिछले 13-14 दिनों से हड़ताल पर हैं। जिसके कारण पंजाब की 117 नगर काऊंसिलों सहित 1111 नगर निगमों में सफाई की व्यवस्था काफी प्रभावित हो गई थी और बड़े-बड़े कूड़े के ढेर शहरों के बीच ही लगने शुरू हो गए थे। इसे देखते हुए पंजाब सरकार ने इन सफाई कर्मचारियों को बैठक के लिए बुलाया। सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष अशोक कुमार और यूनियन के बाकी पदाधिकारियों की बैठक वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा
और स्थानीय निकाय विभाग के मंत्री हरजोत बैंस के साथ चंडीगढ़ में लगभग तीन घंटे चलने के बाद यह फैसला लिया गया कि उनकी सभी मांगों को माना जाएगा। इन माँगों को मानने का ऐलान खुद दो मुख्य कैबिनेट मंत्रियों द्वारा यूनियन के पदाधिकारियों और एक्शन कमेटी के सामने किया जाएगा। इसलिए अंतिम दौर की बैठक 21 मई को सुबह 9 बजे स्थानीय निकाय विभाग के मुख्य कार्यालय में बुलाई गई है, जहाँ सफाई कर्मचारी यूनियन की 30 सदस्यीय एक्शन कमेटी बैठक में भाग लेगी। इस एक्शन कमेटी के सामने ही सभी मांगों को मानने का ऐलान करते हुए हड़ताल समाप्त करवाई जाएगी।
32 हजार से ज्यादा सफाई कर्मी हड़ताल पर
पंजाब में इस समय 32 हजार से ज्यादा सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इसके कारण पंजाब में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ चुकी है। इस हड़ताल में शामिल अधिकांश सफाई कर्मचारियों की अपनी कोई व्यक्तिगत मांग नहीं है, बल्कि वे अपने साथियों की अहम मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। सफाई कर्मचारियों की मुख्य मांग कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना और ठेकेदारी सिस्टम को खत्म कर सरकार के अधीन लाना है। हड़ताल में पहले से ही पक्के कर्मचारी भी शामिल हैं और वे अपने बाकी साथियों का समर्थन देने के लिए हड़ताल में शामिल हैं।
7 हजार सफाई कर्मचारी होंगे पक्के, 10 हजार आएंगे सरकार अधीन
बुधवार को सफाई कर्मचारियों की चंडीगढ़ में हरपाल चीमा और हरजोत बैंस के साथ हुई बैठक के दौरान लगभग यह फैसला लिया गया कि 7 हजार के करीब कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं 10 हजार कर्मचारी जो ठेकेदार के अधीन काम कर रहे हैं, उन्हें सीधे सरकार के अधीन कॉन्ट्रैक्ट पर काम पर लाया जाएगा। इन कर्मचारियों को कम से कम 18 हजार रुपये वेतन दिया जाएगा। यह दो मुख्य मांगें थीं जिन्हें लगभग मान लिया गया है और इस संबंध में फैसला वीरवार सुबह होने वाली बैठक में लिया जाएगा।

About The Author