दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में मां-बेटे की चाकू से गोदकर हत्या, वारदात के बाद नकदी व जेवर गायब

बदमाशों ने घर में घुसकर 38 वर्षीय महिला और उसके 13 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी

Manmohan Picture
Published On

नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में गुरुवार तड़के मां-बेटे की हत्या से सनसनी फैल गई। बदमाशों ने घर में घुसकर 38 वर्षीय महिला और उसके 13 वर्षीय बेटे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद घर से नकदी और जेवर भी गायब मिले हैं। पुलिस लूटपाट के बाद हत्या की आशंका के तहत मामले की जांच कर रही है। Delhi News

दक्षिण-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी के अनुसार, आज तड़के करीब 1:11 बजे पीसीआर कॉल के माध्यम से गोविंदपुरी थाना पुलिस को गली नंबर-10, कालकाजी स्थित एक मकान में हत्या की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, थाना प्रभारी, सहायक पुलिस आयुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता विष्णु साहू साप्ताहिक बाजारों में फल और सब्जी बेचने का काम करते हैं। वह बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे घर लौटे थे। उन्होंने देखा कि मकान का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। अंदर पहुंचने पर उनकी पत्नी शारदा साहू और 13 वर्षीय बेटे का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। दोनों के शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे। मृतक बेटा सातवीं कक्षा का छात्र था।

पुलिस जांच में घर की अलमारी से नकदी और जेवर गायब पाए गए हैं। इसके बाद पुलिस को आशंका है कि बदमाश लूटपाट के इरादे से घर में घुसे थे और विरोध करने पर मां-बेटे की हत्या कर दी। घटनास्थल पर अपराध जांच दल और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। Delhi News

About The Author

Related Posts