फतेहाबाद में पोस्टर छीनने का विरोध, भाजपा ने फूंका कांग्रेस विधायक का पुतला

मामले को लेकर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने कड़ा विरोध जताया

Published On

फतेहाबाद, (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह द्वारा वर्ष 1984 के सिख-विरोधी दंगों का मुद्दा उठाए जाने के दौरान कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल द्वारा उनके हाथ से पोस्टर छीनकर फैंकने के मामले को लेकर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने कड़ा विरोध जताया।  Fatehabad News

शनिवार को अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अजय खुंडिया के फतेहाबाद आगमन पर कार्यकर्ताओं ने भूना कैंची चौक पर कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल का पुतला दहन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विधानसभा में हुई घटना की कड़ी निंदा की। भाजपा नेताओं ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है, जहां प्रत्येक विधायक को अपनी बात रखने और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने का संवैधानिक अधिकार है। ऐसे में किसी विधायक के हाथ से पोस्टर छीनकर फैंकना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।

प्रदेश अध्यक्ष अजय खुंडिया ने कहा कि अनुसूचित जाति समाज अपने सम्मान, अधिकार और स्वाभिमान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा में सभी जनप्रतिनिधियों को अपनी बात शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से रखने का अधिकार है। किसी भी समाज के दर्द, इतिहास और उससे जुड़े मुद्दों को उठाने से रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि मामला केवल एक पोस्टर का नहीं है, बल्कि अनुसूचित जाति एवं सिख समाज के सम्मान और स्वाभिमान से जुड़ा हुआ है। भाजपा जिला महामंत्री विकास ललोदा ने कहा कि 1984 के अत्याचारों को भुलाया नहीं जा सकता और पीडि़त समाज की आवाज को लोकतांत्रिक मंच पर पूरी गंभीरता के साथ सुना जाना चाहिए। इस मौके पर पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा, जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, कंवल चौधरी, रणजीत ओड, अशोक जाखड़, चेयरमैन राजपाल बैनीवाल, बलदेव सिंह ग्रोहा, जगदीश शर्मा, रामकुमार मेहरा सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। Fatehabad News

About The Author

Related Posts