14 फरवरी को बनियावाला आश्रम में विराट हिंदू सम्मेलन, तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न

Published On

प्रताप नगर, सच कहूं राजेंद्र कुमार। बनियावाला आश्रम में आगामी 14 फरवरी को श्री श्री 1008 महेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज (चिक्कन वाले गुरु जी) की पावन अगुवाई में एक भव्य विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है।

सम्मेलन की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर गुरु जी की अध्यक्षता में गांव शहजादवाला, चिक्कन, टिब्बी अराईयां, मेघुवाला, कांसली, बक्करवाला, मामलीवाला, खिल्लावाला एवं बनियावाला के प्रमुख लोगों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों पर विस्तार से चर्चा की गई।

चूंकि इस धार्मिक आयोजन में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, इसलिए प्रशासनिक स्तर पर भी सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रतापनगर थाना प्रभारी गुरदयाल सिंह भी मौके पर उपस्थित रहे। उन्होंने गुरु जी को प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर महिला पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

बैठक में गुरु जी ने उपस्थित सभी ग्रामवासियों से अपील की कि वे इस आयोजन को सफल बनाने के लिए आपसी सहयोग और समन्वय बनाए रखें तथा अपने-अपने गांवों में घर-घर जाकर भावपूर्ण निमंत्रण दें, ताकि अधिक से अधिक संख्या में समाज के लोग इस विराट हिंदू सम्मेलन में सम्मिलित हो सकें। इस विराट हिंदू सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में इतिहास के प्रख्यात विद्वान, राजकीय महाविद्यालय अहडवाला खंड बिलासपुर के प्रोफेसर डॉ. रमेश धारीवाल अपना उद्बोधन देंगे।

उपरोक्त सभी गांवों में इस सम्मेलन को लेकर हर्ष और सकारात्मक उत्साह का वातावरण है। यह आयोजन सर्व हिंदू समाज की एकता, सांस्कृतिक चेतना, शिक्षा एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

About The Author

Related Posts