शिक्षा और रोजगार
आरटीई के तहत निजी स्कूलों में दाखिले से वंचित रह गए विद्यार्थियों के लिए एक और मौका
पहले अनुपस्थित रहने के कारण जिन बच्चों के आवेदन निरस्त कर दिए गए थे, अब उन्हें पुन: वेरिफिकेशन का मौका मिलेगा।
RTE Admission: सरसा। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी स्कूलों में दाखिले से वंचित रह गए विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग ने एक और अवसर प्रदान किया है। पहले अनुपस्थित रहने के कारण जिन बच्चों के आवेदन निरस्त कर दिए गए थे, अब उन्हें पुन: वेरिफिकेशन का मौका मिलेगा। शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आरटीई दाखिलों की अंतिम तिथि बढ़ाकर 21 मई कर दी है। जिन विद्यार्थियों को सीटें आवंटित हुई हैं, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित स्कूलों में रिपोर्ट करना अनिवार्य किया गया है। Sirsa News
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सरसा की ओर से खंड शिक्षा अधिकारियों और निजी स्कूलों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। 241 सीटों पर प्रक्रिया लंबित विभागीय जानकारी के अनुसार जिले में 52 निजी स्कूलों में 241 विद्यार्थियों को सीटें आवंटित की गई हैं, लेकिन अब तक केवल 33 विद्यार्थियों की ही वेरिफिकेशन पूरी हो सकी है, जबकि 208 आवेदन अभी लंबित हैं। इस स्थिति को देखते हुए विभाग ने स्कूलों को प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं।
आरटीई योजना के तहत जिले में 2500 से अधिक सीटें निर्धारित हैं। इन पर अब तक 1742 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सबसे अधिक 858 आवेदन सरसा ब्लॉक से आए हैं, जबकि डबवाली से 233, ऐलनाबाद से 267, रानियां से 147, नाथूसरी चौपटा से 93, बड़ागुड़ा से 79 और ओढ़ां से 65 आवेदन दर्ज किए गए हैं।
डॉ. विजय लक्ष्मी ने बताया कि जिन विद्यार्थियों के आवेदन पहले अनुपस्थित रहने के कारण निरस्त हुए थे, उन्हें एक और अवसर दिया गया है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे 21 मई तक आवश्यक दस्तावेजों सहित स्कूलों में रिपोर्ट कर प्रक्रिया पूरी करें, ताकि बच्चों का दाखिला सुनिश्चित हो सके। Sirsa News