Snake Bite: सोते समय 12वीं के छात्र को कोबरा ने डंसा, मौत

कमरे में बने बिल में छिपा था, दो घंटे बाद स्नेकमैन ने पकड़ा

Published On

कैथल (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। Cobra Snake Bite: गाँव ग्योंग में 17 वर्षीय छात्र को कोबरा सांप ने डंस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। कुछ देर बाद युवक का दम घुटने लगा। परिवार के लोग उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान प्रिंस (17) के रूप में हुई है, जो 12वीं कक्षा का छात्र था। परिजनों के अनुसार, शनिवार रात प्रिंस खाना खाने के बाद अपने कमरे में बेड पर सो गया था। इसी दौरान एक जहरीले कोबरा सांप ने उसके हाथ की उंगली पर डंस लिया।

कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे दम घुटने जैसा महसूस होने लगा। शुरूआत में परिवार को लगा कि उसे हार्ट अटैक आया है। परिजन तुरंत उसे शहर के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि प्रिंस की उंगली पर सांप के काटने के निशान मिले हैं और जहरीले डंस के कारण उसकी मौत हुई है। घटना के बाद परिवार शव को घर ले आया और स्नेकमैन सतीश फफड़ाना को सूचना दी गई। रात करीब 12 बजे स्नेकमैन मौके पर पहुंचा। इस दौरान गांव के काफी लोग भी घर के बाहर जमा हो गए। बताया गया कि सांप कमरे में बने एक बिल में छिपा हुआ था।

पहले बिल में पानी डाला गया, लेकिन सांप बाहर नहीं निकला। इसी दौरान घर के पीछे एक छोटा सांप मिला, जिसे पकड़ लिया गया। इसके बाद स्नेकमैन ने कमरे में बिल के आसपास खुदाई शुरू की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब 2 बजे ढाई फुट लंबा कोबरा सांप बिल से बाहर निकला, जिसे तुरंत पकड़ लिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Snake News
Snake News: मृतक प्रिंस का फाइल फोटो

 

 

About The Author

Related Posts