कोरोना से बड़ी जंग की तैयारी : पानीपत में बनेगा 500 से 1000 बेड का अस्पताल

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। कोरोना संक्रमण के चलते हरियाणा में दिन-ब-दिन हालात गंभीर होते जा रहे हैं। राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान 7,811 नए केस दर्ज किए गए जबकि 35 और मरीज जिदंगी की जंग हार गए। ऐसे हालात में अब मनोहर सरकार ने एहतियाती कदमों पर जोर देना शुरू किया है। कोविड मरीजों के अच्छी स्वास्थ्य सेवाओं के मकसद से राज्य सरकार ने पानीपत में 500 से 1000 बेड का कोविड अस्पताल बनाने का फैसला लिया है, जिसकी स्थापना डीआरडीओ द्वारा की जाएगी। इस कोविड अस्पताल की सेवाएं सिर्फ आपात स्थिति में ली जाएंगी। ये बात मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कही।

वे ‘हरियाणा की बात’ कार्यक्रम में बोल रहे थे। हालांकि मुख्यमंत्री ने साफ किया कि राज्य में लॉकडाउन नहीं लगेगा। इसलिए अफवाहों से बचकर रहें। उन्होंने आमजन को आगाह करते और चेताते हुए कहा कि कोरोना को लेकर निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन होगा यानि अगर कोई इन नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं प्रवासी श्रमिकों के पलायन से चिंतित मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आप निश्चिंत होकर अपना कार्य करें। आपको कोई कठिनाई नहीं आने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गत वर्ष लॉकडाउन के चलते अर्थव्यवस्था का वित्तीय चक्र रूक गया था, जिससे श्रमिकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी थी। लेकिन इस बार उन समस्याओं से बचने के लिए लॉकडाउन नहीं लगाने का फैसला लिया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के अस्पतालों में फिलहाल आॅक्सीजन की कोई कमी नहीं है। सीएम ने बताय कि पानीपत के आॅक्सीजन प्लांट में लिक्विड आॅक्सीजन का उत्पादन किया जा रहा है। वहीं जिन लोगों के पास घर में आइसोलेशन की व्यवस्था नहीं है, उनके लिए 526 जिला कोविड केन्द्र स्थापित किए हैं, जिनमें लगभग 45 हजार बेड हैं। उन्होंने निजी अस्पतालों से भी अपील की है कि वे कोरोना मरीजों के उपचार को प्राथमिकता दें और उन्हें सस्ता उपचार उपलब्ध करवाएं। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में कोरोना जांच की संख्या बढ़ाकर लगभग 40,000 टेस्ट प्रतिदिन किया गया है। इसके अलावा राज्य में हर रोज 70 हजार से ज्यादा लोगों को कोविड-19 वैक्सीन लगाई जा रही है। अब तक लगभग 33 लाख लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts