शिक्षा और रोजगार
डबवाली ने रिकॉर्ड गेहूं खरीदकर रचा इतिहास
पहली बार 23.93 लाख क्विंटल पहुंची खरीद, नई खरीद प्रणाली और सख्त व्यवस्थाओं के बीच सफल रहा सीजन
Wheat Procurement: डबवाली/गोरीवाला (सच कहूँ/सुभाष-अनिल)। इस बार का गेहूं खरीद सीजन डबवाली के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। नई खरीद प्रणाली, बढ़ती आवक और व्यवस्थागत चुनौतियों के बावजूद मार्केट कमेटी ने रिकॉर्ड 23,93,333 क्विंटल गेहूं की खरीद दर्ज कर नया इतिहास रच दिया। यह पिछले वर्ष की तुलना में 4,18,220 क्विंटल अधिक है। Dabwali News
मार्केट कमेटी सदस्य कमलकांत दुरेजा और संदीप चावला ने बताया कि चेयरमैन सतीश जग्गा के नेतृत्व में पूरे खरीद सीजन की पहले से रणनीति तैयार की गई थी। मंडियों और ग्रामीण खरीद केंद्रों पर बेहतर प्रबंधन के लिए पहली बार 105 कर्मचारियों की विशेष टीम बनाई गई। प्रत्येक खरीद केंद्र पर मार्केट कमेटी सुपरवाइजर की निगरानी में कम से कम चार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई।
इस बार खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी खरीद केंद्रों पर जीपीएस गेटपास व्यवस्था लागू की गई। साथ ही बायोमेट्रिक मशीनें और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए। अधिकारियों का दावा है कि इससे खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ी और किसानों को भी राहत मिली। खरीद केंद्रवार स्थिति खरीद केंद्रवार स्थिति के अनुसार प्रिंसिपल यार्ड डबवाली में 6,01,702 क्विंटल खरीद दर्ज की गई है। इसके बाद गंगा खरीद केंद्र पर 2,23,591 क्विंटल, अबूबशहर में 1,98,630 क्विंटल और चौटाला में 1,96,219 क्विंटल खरीद हुई है।
वहीं मौजगढ़ केंद्र पर 1,38,397 क्विंटल, मलिकपुरा में 1,38,243 क्विंटल तथा लोहगढ़ में 1,25,529 क्विंटल खरीद दर्ज की गई है। अतिरिक्त खरीद केंद्रों से मिली बड़ी राहत चेयरमैन सतीश जग्गा के प्रयासों से शहर में अतिरिक्त खरीद स्थलों की अनुमति भी ली गई। इन अतिरिक्त केंद्रों पर 2,73,696 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई। इससे मुख्य अनाज मंडी पर दबाव कम हुआ और किसानों, आढ़तियों तथा मजदूरों को सुविधा मिली। पूरे सीजन में मंडी क्षेत्र में ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति भी नहीं बनी। Dabwali News
खरीद सीजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। आईपीएस जैसलीन कौर के नेतृत्व में करीब 70 पुलिसकर्मियों की तैनाती विभिन्न खरीद केंद्रों पर की गई। इससे खरीद कार्य शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हुआ। पिछले साल से 4 लाख क्विंटल ज्यादा खरीद:वर्ष 2025 में डबवाली क्षेत्र में 19,75,113 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई थी, जबकि इस बार यह आंकड़ा बढ़कर 23,93,333 क्विंटल तक पहुंच गया।
अधिकारियों ने इसे किसानों के बढ़ते विश्वास, बेहतर प्रबंधन और प्रशासनिक सहयोग का परिणाम बताया। - एजेंसियों ने इतनी की खरीद: इस रबी सीजन में हैफेड ने 19,47,623 क्विंटल, हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉपोर्रेशन ने 3,40,896 क्विंटल और डीएफएससी ने 1,01,586 क्विंटल गेहूं की खरीद की। कमलकांत दुरेजा और संदीप चावला ने बताया कि चेयरमैन सतीश जग्गा ने पूरे सीजन के दौरान लगातार खरीद केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं की निगरानी की। किसानों, आढ़तियों, मुनीमों और मजदूरों से सुझाव लेकर खरीद प्रक्रिया को और बेहतर बनाने का प्रयास किया गया। Dabwali News