उधार न देने पर डेयरी-बेकरी की दुकान में लगाई आग, 4 लाख का सामान जला, सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
बस स्टैंड स्थित दुकान में देर रात वारदात, सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
गोरीवाला (सच कहूँ/अनिल)। Goriwala News: गांव डबवाली में उधार सामान न देने पर एक युवक द्वारा डेरी और बेकरी की दुकान में आग लगाने का मामला सामने आया है। आगजनी की इस घटना में दुकान के अंदर रखा करीब चार लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपी की हरकत दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना सोमवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-9 स्थित मुख्य बस स्टैंड के पास गुरुद्वारे के नजदीक बनी दुकानों में हुई।
डेरी संचालक सुखी ने बताया कि रात को दुकान बंद करते समय गांव का ही एक युवक उधार सामान लेने आया था। उधार देने से मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद युवक वहां से चला गया। सुखी के अनुसार, देर रात दुकानें बंद होने के बाद युवक पेट्रोल लेकर वापस आया और दुकान पर छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की, लेकिन आग नहीं लगी। इसके बाद वह दोबारा डीजल लेकर पहुंचा और दुकान में आग लगाकर फरार हो गया। रात करीब साढ़े 11 बजे किसी व्यक्ति ने फोन कर दुकान में आग लगने की सूचना दी।
जब दुकान मालिक मौके पर पहुंचा और शटर खोला तो अंदर धुआं और आग की लपटें उठ रही थीं। आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान का फर्नीचर, एलईडी, बेकरी का सामान, दो डीप फ्रीजर, दुग्ध मशीन और फेंट मशीन सहित लाखों रुपये का सामान जल चुका था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने दुकान मालिक के बयान दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।
About The Author