Punjab
डीसी वर्षा खांगवाल ने लिया शहर की सफाई और सौंदर्यकरण व्यवस्था का जायजा
स्वच्छ और सुंदर झज्जर बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता: डीसी
झज्जर (सच कहूँ न्यूज)। Jhajjar News: डीसी वर्षा खांगवाल ने सोमवार की सुबह शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौकों का दौरा कर सफाई व्यवस्था, जल निकासी और सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छारा चुंगी, बहादुरगढ़ मार्ग सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर चल रहे सफाई कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने शहर में नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने, सड़कों व सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता सुनिश्चित करने तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर का निर्माण जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
शहर में कहीं भी ना हो अनाधिकृत रूप से कूड़ा डंप डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को कचरा संग्रहण एवं निस्तारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि शहर में कहीं भी अनाधिकृत रूप से कूड़ा डंप न होने दिया जाए। उन्होंने कूड़ा डंपिंग स्थलों के वैज्ञानिक प्रबंधन, नियमित निगरानी और समयबद्ध उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
झज्जर शहर के सौंदर्यीकरण में हो प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी
उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि इसमें नागरिकों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। नागरिकों को भी सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करना चाहिए। इसके अलावा नालों की सफाई के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने शहर के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयावधि में उन्हें पूरा करने के निर्देश दिए।