पाइपलाइन से कनेक्शन की मांग को लेकर धरना 21वें दिन भी जारी
अब 9 जून से आमरण अनशन पर बैठेंगे चैनत के ग्रामीण
हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। गांव चैनत में भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन से पानी का कनेक्शन देने की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को धरना 21वें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने सरकार के खिलाफ विरोध जताते हुए धरना स्थल से खरकड़ी मोड़ तक प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली तथा सरकार के पुतले फूंककर रोष प्रदर्शन किया।
धरना कमेटी ने घोषणा की है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 9 जून से आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। कमेटी के सदस्यों का कहना है कि कई ग्रामीण, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं, आमरण अनशन पर बैठने के लिए तैयार हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले आंदोलन के समर्थन में 51 महिलाओं और 101 पुरुषों ने सांकेतिक भूख हड़ताल में भाग लेकर अपनी एकजुटता दिखाई थी।
पाइपलाइन से छह इंच कनेक्शन की मांग
आंदोलन कर रहे ग्रामीणों की मुख्य मांग है कि हांसी शहर के लिए बिछाई जा रही भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन से गांव चैनत को भी छह इंच का पानी कनेक्शन दिया जाए। उनका कहना है कि पाइपलाइन गांव के क्षेत्र से होकर गुजर रही है, इसलिए ग्रामीणों को भी इसका लाभ मिलना चाहिए। ग्रामीणों का कहना है कि किसानों की भूमि से होकर बिछाई गई पाइपलाइन को उखाड़ने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
उनका आरोप है कि किसानों की सहमति और मांगों की अनदेखी की गई है। धरना कमेटी ने स्पष्ट किया कि जब तक गांव को भाखड़ा पाइपलाइन से पानी का कनेक्शन देने की मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और आने वाले दिनों में इसे और तेज किया जाएगा।