Punjab
सरसा के रोडवेज कर्मचारियों ने राज्य कमेटी के आह्वान पर मांगों को लेकर किया प्रदर्शन
रोडवेज चालकों की ड्यूटी अग्निशमन विभाग में लगाने का आरोप
Haryana Roadways Employees Protest: सरसा (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन ने राज्य कमेटी के आह्वान पर सोमवार सुबह 10 से 12 बजे तक रोडवेज वर्कशॉप गेट पर प्रदर्शन किया और महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता एवं सरसा डिपो प्रधान पृथ्वी सिंह चाहर, डिपो सचिव सतपाल सिंह रानियां, संयुक्त कर्मचारी संघ के डिपो प्रधान सतवीर कड़वासरा और राज्य उपप्रधान कुलदीप सिंह पावड़ा सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे। Haryana Roadways Protests
यूनियन नेताओं ने कहा कि अग्निशमन विभाग की हड़ताल को 26 दिन हो चुके हैं, लेकिन सरकार अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठा रही। फरीदाबाद केमिकल फैक्ट्री अग्निकांड में दो फायर कर्मियों के शहीद होने के बावजूद उन्हें पुलिस कर्मियों की तरह सम्मान, नौकरी और सहायता राशि नहीं दी गई, जो कि अन्यायपूर्ण है। इसी मुद्दे को लेकर अग्निशमन कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि रोडवेज चालकों की ड्यूटी अग्निशमन विभाग में लगाई जा रही है, जबकि उन्हें इस कार्य का प्रशिक्षण नहीं है। इससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। यूनियन ने मांग की कि ऐसे आदेश तुरंत वापस लिए जाएं और संबंधित चालकों को रोडवेज में ही तैनात किया जाए। साथ ही, घायल चालकों के इलाज का पूरा खर्च और उचित मुआवजा अग्निशमन विभाग द्वारा देने की मांग भी उठाई गई।