फतेहाबाद पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के 3 सदस्यों को दबोचा
चोरी की 8 बाइक के साथ तीन बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने खोले कई राज
टोहाना (सच कहूँ न्यूज)। Tohana News: जिले में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए टोहाना एवं थाना शहर टोहाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक सक्रिय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई 8 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निर्मल सिंह पुत्र राजकुमार निवासी नारायणगढ़ जिला जींद, अजय पुत्र भगवान निवासी कालवन जिला जींद तथा विक्रम उर्फ विक्की पुत्र सुरजीत निवासी कालवन जिला जींद के रूप में हुई है। डीएसपी टोहाना जयभगवान ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी से थाना शहर टोहाना में दर्ज कई वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। बरामद मोटरसाइकिलों में फतेहाबाद सहित अन्य जिलों से चोरी किए गए वाहन भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने भीड़भाड़ वाले बाजारों, अस्पतालों, सार्वजनिक स्थलों और सुनसान इलाकों में खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। आरोपी चोरी की गई मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर बेच देते थे या उनके पार्ट्स निकालकर ठिकाने लगा देते थे।
पुलिस जांच के दौरान थाना शहर टोहाना में दर्ज कई मामलों को सुलझाने में सफलता मिली है। इनमें जैन समाधि अस्पताल, टोहाना और एसडीएम कार्यालय के बाहर से चोरी की गई मोटरसाइकिलों के मामले भी शामिल हैं। डीएसपी जयभगवान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी के नेटवर्क तथा चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
