हरियाणा पुलिस को मिली सफलता: तीन इनामी अपराधी गिरफ्तार, हथियार बरामद

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा पुलिस ने तीन इनामी अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है जिन पर 2.2 लाख रुपये का इनाम घोषित थे। पुलिस प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि इन आरोपियों के पास एक देशी पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद किये गये हैं। प्रारम्भिक पूछताछ में इन्होंने हत्या, हत्या का प्रयास, लूट और अन्य विभिन्न अपराधों में अपनी संलिप्तता कबूल की है। हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली पुलिस को इनकी तलाश थी। अपराधियों की शिनाख्त उत्तर प्रदेश के मेरठ से अतुल उर्फ मोटा और सन्नी काकरन और दिल्ली के सुल्तानपुरी से नसरुद्दीन उर्फ नसरू के रूप में की गई है।

एक खुफिया सूचना के आधार पर इन्हें उस समय दबोच लिया गया जब वे ककरोई कैनाल रोड के निकट लोगों को लूटने की योजना बना रहे थे। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार इनमें से अतुल और सन्नी काकरन पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक-एक लाख रुपए तथा हरियाणा पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था जबकि नसरुद्दीन की दोहरे हत्याकांड में दिल्ली पुलिस को तलाश थी। इस बीच, हरियाणा के पुलिस महानिदेशक पी के अग्रवाल ने इन वांछित अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिये पुलिस टीम को बधाई दी है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts