Haryana Education News: अब कक्षा 6 से 12 तक भी होगी अभिभावक-शिक्षक बैठक

Published On

विद्यार्थियों की पढ़ाई और प्रगति पर होगी सीधी चर्चा

  • साल में पांच बार होंगी पीटीएम, प्रगति, परीक्षा परिणाम और अनुशासन पर होगा मंथन

सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। Haryana Education News: सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की पढ़ाई, प्रगति और अनुशासन को लेकर अब अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी। शिक्षा विभाग ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अब अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) केवल प्राथमिक कक्षाओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए भी नियमित रूप से आयोजित की जाएगी। विभाग के अनुसार वर्ष में कुल पांच बार अभिभावक-शिक्षक बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इनमें वार्षिक परीक्षा के बाद, प्री-बोर्ड परीक्षा के बाद तथा तीन बार सैट परीक्षाओं के तुरंत बाद पीटीएम आयोजित की जाएंगी। Sirsa News

इन बैठकों का उद्देश्य विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों की पढ़ाई और सर्वांगीण विकास पर संयुक्त रूप से ध्यान देना है। इस संबंध में विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से 6 मार्च को प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों, जिला परियोजना समन्वयकों, डाइट प्रधानाचार्यों, खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालय प्रभारियों को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। Sirsa News

पीटीएम में इन विषयों पर होगी चर्चा | Sirsa News

शिक्षा निदेशालय के निर्देशों के अनुसार पीटीएम के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, परीक्षा परिणाम और सतत मूल्यांकन से संबंधित जानकारी अभिभावकों के साथ साझा की जाएगी। साथ ही विषयवार सीखने के स्तर का विश्लेषण कर कमजोरियों को दूर करने के लिए आवश्यक शैक्षणिक रणनीतियों पर भी चर्चा होगी। बैठकों में विद्यार्थियों की उपस्थिति, समयपालन, अनुशासन और घर पर पढ़ाई के माहौल को लेकर भी अभिभावकों से संवाद किया जाएगा। कमजोर विद्यार्थियों के लिए उपचारात्मक शिक्षण और अतिरिक्त सहयोग की योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। इसके अलावा डिजिटल शिक्षा, आईसीटी के उपयोग और आॅनलाइन सुरक्षा से जुड़ी सावधानियों के बारे में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।

जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता साईं ने बताया कि अब कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए भी नियमित रूप से अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक वर्ष में पांच बार आयोजित होगी। इस संबंध में विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से आवश्यक निर्देश मिले है, जिन्हें जिले के सभी ब्लॉकों में भेज दिए गए हैं।

छठी से ऊपर कक्षाओं में मिलेगा करियर मार्गदर्शन

कक्षा 6 से ऊपर के विद्यार्थियों के लिए पीटीएम में करियर मार्गदर्शन, विषय चयन और भविष्य की शैक्षणिक दिशा को लेकर भी अभिभावकों को परामर्श दिया जाएगा। साथ ही विद्यालय की योजनाओं और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा करते हुए अभिभावकों से सुझाव भी लिए जाएंगे, जिनका विधिवत अभिलेखीकरण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। Sirsa News

यह भी पढ़ें:– UPSC Result: नरवाना की बेटी स्वाति आर्य ने यूपीएससी में 366वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का मान

About The Author

Related Posts