हरियाणा की कई योजनाओं का अनुसरण कर रहे देश के दूसरे राज्य : मनोहर लाल

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Manohar Lal) ने कहा कि आज हरियाणा बाकी सब प्रदेशों से आगे निकला है वो टेक्नोलॉजी के माध्यम से ही संभव हो पाया है। हमने टेक्नोलॉजी के माध्यम से एक सिस्टम खड़ा किया है, जिस वजह से सरकारी योजनाओं का लाभ पाना आसान हुआ। उन्होंने कहा कि हमने चुनाव के घोषणा पत्र में घोषणा की थी कि पारदर्शी, स्वच्छ प्रशासन और भ्रष्टाचार मुक्त शासन देंगे। हमने सत्ता में आने के बाद लगातार इस पर काम किया।

हमने साढ़े सात साल के कार्यकाल में इतने कार्यक्रम चलाए कि अब भ्रष्टाचार की गुंजाइश ना के बराबर रह गई है। इसमें इन्फॉरमेशन टैक्नोलॉजी (आईटी) का अहम योगदान है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल दिल्ली में आयोजित मीडिया महामंथन कार्यक्रम में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने कई ऐसी योजनाएं बनाई हैं जिसका पूरे देश में अनुसरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की लाल डोरा योजना को स्वामित्व योजना के नाम से पूरे देश में लागू किया गया है।

लाल डोरा के अंदर रिहायशी एरिया की प्रोपर्टी का प्रमाण नहीं होता था। इसको खत्म कर हमने हर एक को जमीन का मालिकाना हक दिलाया। मुख्यमंत्री ने बताया कि परिवार पहचान पत्र योजना का भी केन्द्र सरकार अध्ययन कर रही है। इसे भी अन्य प्रदेशों में लागू करवाने की योजना बन रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि परिवार पहचान पत्र योजना के जरिए 69 लाख परिवारों को रजिस्टर किया गया है। हमारे पास हर परिवार और सदस्य की जानकारी है, जिससे लोगों के लिए योजनाएं बनाने में आसानी हुई है।

हमने परिवार पहचान पत्र के माध्यम से 300 से ऊपर योजनाएं जोड़ दी हैं। लोगों को घर बैठे हरियाणा सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के जरिए लोगों के लिए रोजगार मेले लगाए, लोन दिलाए गए, सब्सिडी दी गई और ट्रेनिंग करवाई गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत अब तक 40 हजार लोगों को रोजगार मिल चुका है। प्रदेश में अभी भी 7 लाख परिवार ऐसे हैं, जिनकी वार्षिक आय 1 लाख से नीचे हैं। इन सभी के उत्थान के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री (Manohar Lal) ने कहा कि राजनीति में लोग स्वार्थों के लिए जातियों के वोटबैंक खड़ा करते हैं, लेकिन हमने इसके विपरीत समाज के सभी लोगों के लिए एक समान कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में जब हमने चुनाव लड़ा तो ‘हरियाणा एक हरियाणवी एक’ का नारा दिया। हमने किसी वर्ग और क्षेत्र के लोगों से भेदभाव नहीं किया। वर्ष 2015 से लगातार लोगों की मांग के हिसाब से विकास के काम करवाए हैं, चाहे विधायक किसी भी पार्टी का रहा हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी को साथ लेकर विकास कर रही है। प्रदेश में अब जातिगत राजनीति करने वाले लोग कम हुए हैं।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts