हरियाणा में भूजल स्तर सुधार हेतु बरसाती पानी संरक्षण अभियान

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा सरकार ने राज्य में भूजल स्तर सुधार और हर खेत को सिंचाई हेतु पानी मुहैया कराने के लिये बरसाती पानी के सरंक्षण एवं सदुपयोग को व्यापक स्तर पर जलशक्ति अभियान शुरू किया है। एक सरकारी प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के तहत बारिश के पानी का अधिकाधिक संरक्षण करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। अभियान के तहत प्रदेश में अधिकाधिक तालाबों की खुदाई की जा रही हैं। इसके साथ ही पूर्व तालाबों की छंटाई का कार्य भी किया जा रहा है। सरकार का इस बार बरसात के सीजन में ज्यादा से ज्यादा पानी संरक्षित करने का लक्ष्य है। इस सम्बंध में ग्रामीण विकास से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

बरसाती पानी के जल संचय हेतु सोखता गड्ढे बनाए जा रहे हैं

प्रवक्ता के अनुसार हर जिले में तालाबों की खुदाई और छंटाई का कार्य एक तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिये गये हैं। इसके लिए प्रत्येक जिले में कार्यरत जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को यह दायित्व सौंपा गया है जो पंचायतीराज संस्थाओं के पदाधिकारियों के सहयोग से इस कार्य को पूरा कराएंगे। अभियान में जिलों की विभिन्न गैर सरकारी तथा समाजिक संस्थाओं को भी जोड़ा जा रहा है। लोगों को जल संरक्षण के लिए जागरूक एवं प्रेरित किया जा रहा है। इसके अलावा इस बार गत वर्षों की तुलना में अधिकाधिक पौधे लगाने का भी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि बरसाती पानी के जल संचय हेतु सोखता गड्ढे बनाए जा रहे हैं। जिलों के सरकारी भवनों की छतों से आने वाले बरसाती पानी को जमीन में डालने का कार्य किया जा रहा है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts