सफाई कर्मियों की हड़ताल, सरसा बेहाल, 7 मई तक रहेगी सफाई व्यवस्था ठप
बढ़ती दुर्गंध और गंदगी से आमजन का जीना मुश्किल
सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से शहर की सूरत बिगड़ गई है। पांच दिन से ठप पड़ी सफाई व्यवस्था के बीच हड़ताल अब 7 मई तक बढ़ा दी गई है, जिससे शहर में गंदगी के हालात और गंभीर हो गए हैं। सड़कों, बाजारों और कचरा प्वाइंटों पर करीब 700 मीट्रिक टन कचरा जमा हो चुका है, जबकि जिलेभर में यह आंकड़ा 1300 एमटी तक पहुंच गया है। बढ़ती दुर्गंध और गंदगी से आमजन का जीना मुश्किल हो रहा है। हड़ताल के बीच नगर परिषद् प्रशासन और कर्मचारी यूनियन आमने-सामने आते नजर आ रहे हैं। Sirsa News
नगर परिषद की ओर से डोर-टू-डोर कलेक्शन और रोड स्वीपिंग से जुड़ी एजेंसियों को नोटिस जारी किए गए थे, जिसके जवाब में एजेंसियों ने यूनियन प्रधान और कर्मचारियों पर उनके स्टाफ को बरगलाने तथा काम नहीं करने देने के आरोप लगाए हैं। इसके बाद नगर परिषद प्रशासन ने नगर पालिका कर्मचारी संघ इकाई सरसा के प्रधान मनोज अठवाल को सरकारी कार्य में बाधा डालने का नोटिस जारी किया है। यूनियन प्रधान मनोज अठवाल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं और एजेंसी कर्मचारियों ने स्वेच्छा से उनका समर्थन किया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जबरदस्ती की तो यूनियन उसका विरोध करेगी। उधर, हड़ताली कर्मचारियों ने रात और अलसुबह कचरा प्वाइंटों की निगरानी शुरू कर दी है। यूनियन ने कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाकर निर्देश दिए हैं कि यदि प्रशासन या एजेंसी कर्मी कचरा उठाने पहुंचते हैं तो तत्काल विरोध किया जाए। ऐसे में प्रशासन और हड़ताली कर्मचारियों के बीच टकराव की आशंका बढ़ गई है।
विधानसभा में उठाउंगा मांग: विधायक
दोपहर के दो बजे के आसपास विधायक गोकुल सेतिया नगर परिषद में सफाई कमर्मचारियों के चल रहे धरने पर पहुंचे। कर्मचारियों के साथ उन्होंने बातचीत की और उनकी मांगों को जाना। उन्होंने उनकी मांगों को जायज मानते हुए समर्थन दिया। विधायक गोकुल सेतिया ने आश्वासन दिया कि वे विधानसभा में सफाई कर्मचारियों की मांगों को उठाएंगे।
सफाई एजेंसी डिंग मैन पॉवर के संचालक बृजलाल पचार ने बताया कि नगर परिषद प्रशासन को मौजूदा स्थिति से अवगत करवाया दिया गया है। अब अधिकारियों को अपने स्तर पर आगामी आदेश देने हैं। अधिकारियों व पुलिस सुरक्षा में ही कोई कदम सफाई को लेकर उठाया जा सकता है। अब यह अधिकारियों पर निर्भर है।
नगर परिषद के सीएसआई जयवीर सिंह ने कहा कि यूनियन पदाधिकारियों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। उच्चाधिकारियों के निर्देश मिलते ही शहर की सफाई व्यवस्था बहाल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। Sirsa News