भूना के पास भीषण सड़क हादसा, स्विफ्ट कार और ट्रैक्टर की टक्कर में दो होमगार्ड जवान घायल
फतेहाबाद रोड पर ट्रैक्टर-कार की आमने-सामने टक्कर, दो होमगार्ड जवान घायल
भूना (सच कहूँ/ संगीता रानी)। Bhuna News: फतेहाबाद रोड पर सोमवार देर रात ट्रैक्टर और स्विफ्ट कार की आमने-सामने की टक्कर में दो होमगार्ड जवान घायल हो गए, जबकि ट्रैक्टर चालक बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया, वहीं कार सड़क से नीचे उतरकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार हिसार जिले के गांव तलवंडी राणा निवासी संतलाल तथा गांव पीलीमंदोरी निवासी अजय कुमार स्विफ्ट कार में सवार होकर गांव डूल्ट से फतेहाबाद लौट रहे थे। दोनों होमगार्ड जवान टोहाना क्षेत्र में बस हादसे में जान गंवाने वाले होमगार्ड बलविंदर सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस आ रहे थे। घायलों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि जब उनकी कार भूना शहर से निकलकर डेरा सच्चा सौदा कैंटीन के पास पहुंची तो सामने से आ रहा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और उनकी कार से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक संजय कुमार पूनिया ने तुरंत लोगों की मदद से कार में फंसे दोनों जवानों को बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायल जवानों को चोटें आई हैं, हालांकि उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह हुड्डा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना में जिस पक्ष की लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।