गुरुग्राम में भिवानी के युवकों ने किया एक युवक का अपहरण, चार गिरफ्तार

नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए दिया वारदात को अंजाम

Sarvesh Kumar Picture
Published On

ग्राइंडर ऐप से युवक का अपहरण कर जबरन रुपये ट्रांसफर कराए

गुरुग्राम (सच कहूँ /संजय कुमार मेहरा)।  Gurugram News: ग्राइंडर ऐप के माध्यम से संपर्क करके 22 वर्षीय युवक का अपहरण कर लिया गया। इसके बाद उससे मारपीट की गई। उसके मोबाइल फोन के माध्यम से बैंक खाते से जबरदस्ती रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही कहा कि गुरुग्राम पुलिस इस मामले में कंपनी को भी नोटिस जारी करेगी।जानकारी के अनुसार पांच मई 2026 को पुलिस थाना आईएमटी सेक्टर-7 मानेसर में एक युवक ने शिकायत दी।  इस शिकायत पर पुलिस थाना सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर में केस दर्ज किया गया है। 

अपराध शाखा मानेसर की पुलिस टीम द्वारा इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष, निवासी गांव जुई जिला भिवानी, नरेश कुमार  निवासी गांव बिसालवास, जिला भिवानी, शिवम  निवासी गांव दुलेड़ी जिला भिवानी व आशु  निवासी गांव लोहरवाड़ा जिला चरखी दादरी के रूप में हुई। आरोपी आशीष, नरेश कुमार व शिवम को आईएमटी मानेसर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी आशु को गांव भांगरौला से गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी नरेश गुरुग्राम में रैपिडो चलता है। आरोपी आशु गांव बांस मानेसर में परचून की दुकान चलाता है।

ग्राइंडर ऐप से युवक के साथ हुआ था संपर्क

आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि उनका शिकायतकर्ता से संपर्क ग्राइंडर ऐप के माध्यम से हुआ था। इसके बाद आरोपी शिकायतकर्ता को कार में बिठाकर ले गए और उसके साथ मारपीट की। उसके मोबाइल फोन से रुपये ट्रांसफर करने की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने वारदात में प्रयोग की गई स्विफ्ट गाड़ी दादरी से किराये पर ली थी। आरोपियों ने यह भी बताया कि शिकायतकर्ता के मोबाइल फोन से ट्रांसफर किए गए रुपये आरोपी नरेश के बैंक खाते में डलवाए गए थे।

आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशा करने के आदी हैं। नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों को अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि ग्राइंडर एप के माध्यम से संपर्क करके इसी प्रकार पहले भी लूट की कई वारदातों को अंजाम दिया गया है। इस संबंध में ग्राइंडर कंपनी को नोटिस जारी किया जाएगा।

About The Author

Related Posts