बदहाल बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग, समाधान दिवस में पहुंचे लोग

जिलाधिकारी से मिले कस्बे की टीचर्स कॉलोनी, सत्यम कॉलोनी, राजेन्द्र कॉलोनी तथा मोहल्ला आलदरम्यान, इकरामपुरा व बेगमपुरा के निवासी, जनहित के दृष्टिगत अघोषित विद्युत कटौती बंद कराए जाने की गुहार

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कैराना के विभिन्न मोहल्लों के लोगो ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर कस्बे की बदहाल बिजली व्यवस्था में सुधार कराए जाने की मांग की है। मामले के सम्बन्ध में जिलाधिकारी को अलग-अलग पत्र दिए गए है।

शनिवार को कस्बे की टीचर्स कॉलोनी, सत्यम कॉलोनी व राजेन्द्र कॉलोनी निवासी संजय राजवंशी, मुकेश सिंघल, कमल ढींगरा, संजय अरोड़ा, मनीष मित्तल, रजत वर्मा, जोनू शर्मा, सुरेंद्र गर्ग, तरुण सिंघल, घासीराम कश्यप, लक्की सिंघल, अजय बत्रा आदि लोग वार्ड संख्या-06 के सभासद पति सागर गर्ग एवं एडवोकेट शक्ति सिंघल के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने सम्पूर्ण समाधान की अध्यक्षता कर रहे डीएम शामली आलोक यादव को एक पत्र दिया। बताया कि उनकी कॉलोनियों की विद्युत व्यवस्था ठप पड़ी है, जिसके चलते लोग विशेषकर बुजुर्ग व बच्चे भयंकर गर्मी में हलकान है।

सुबह बच्चों के स्कूल भेजने के समय बिजली गायब रहती है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पत्र में बताया गया है कि इन कॉलोनियों में सबसे ज्यादा विद्युत कनेक्शन स्वीकृत है और बिजली बिल का भी समय से भुगतान किया जाता है। इन सबके बावजूद विद्युत उपभोक्ता परेशान है। पत्र में जिलाधिकारी से बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कराए जाने का अनुरोध किया गया है। वहीं, दूसरी ओर कस्बे के मोहल्ला आलदरम्यान, इकरामपुरा व बेगमपुरा के दर्जनों महिला एवं पुरुष शनिवार को तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र देकर बताया कि पिछले तीन महीनों से विद्युत विभाग के द्वारा उनके मोहल्लों में मात्र चार से पांच घंटे ही बिजली दी जा रही है।

अघोषित बिजली कटौती के कारण बच्चे, बूढ़े और कमजोर लोग अत्यधिक परेशान है। भयंकर गर्मी ने लोगो का जीना मुहाल कर रखा है। लोग जैसे-तैसे करके गर्मी से पार पा रहे है। विभाग के अधिकारियों को विद्युत कटौती के बारे में कहा जाता है तो वह कुछ न कुछ बहाना करके उन्हें टरका देते है। पत्र में जनहित के दृष्टिगत बिजली व्यवस्था में सुधार की गुहार लगाई गई है। पत्र पर नरेंद्र, रवि, रोहित, सुनीता, राहुल, आकाश, काशी, ऊषा, मिथलेश, मुकेश, रोशनी, अमित आदि के हस्ताक्षर अंकित है। 

Kairana News (2)

विद्युत लाइनमैन पर अवैध वसूली का आरोप, डीएम से शिकायत

शनिवार को नगरपालिका परिषद कैराना के वार्ड संख्या-06 से महिला सभासद कोमल रानी के पति सागर गर्ग व मोहल्ले के लोग तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने सम्पूर्ण समाधान दिवस में जन शिकायतें सुन रहे जिलाधिकारी आलोक यादव को एक शिकायती-पत्र सौंपा। बताया कि विद्युत वितरण खण्ड कैराना में एक लाइनमैन पिछले 25 वर्षों से तैनात है। यह लाइनमैन उत्तर-प्रदेश शासन स्थानातंरण नीति-2023 व भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम-1988 का उल्लंघन कर रहा है।

नियमानुसार किसी भी संवेदनशील पद पर दो वर्ष से अधिक की तैनाती वर्जित है। आरोप है कि यह लाइनमैन नए कनेक्शन, बिल सुधार व फाल्ट दुरुस्तीकरण के नाम पर उपभोक्ताओं से अवैध वसूली करता है। लाइनमैन के द्वारा पैसे लेकर भी कार्य नही किया जाता बल्कि उल्टा उपभोक्ताओं को धमकाया जाता है। पत्र में आरोपी लाइनमैन के स्थानांतरण एवं भ्रष्टाचार के आरोपों की विभागीय जांच कराए जाने की मांग की गई है।

Kairana News (4)

About The Author

Related Posts