Punjab: 40 लाख महिलाओं के खातों में पहुंची ‘राशि’

‘मुख्यमंत्री मावाँ-धीयाँ सत्कार योजना’ के दूसरे चरण की शुरूआत

Published On

पठानकोट (सच कहूँ न्यूज)। Punjab News: पंजाब सरकार द्वारा राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री मावाँ-धीयाँ सत्कार योजना’ के दूसरे चरण की शुरूआत शनिवार को पठानकोट में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक क्लिक के माध्यम से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) प्रणाली के जरिए राज्य की करीब 40 लाख माताओं और बहनों के बैंक खातों में वित्तीय सहायता राशि जारी की। सामान्य वर्ग की पात्र महिलाओं के खातों में 3,000 रुपये तथा अनुसूचित जाति वर्ग की पात्र महिलाओं के खातों में 4,500 रुपये की राशि भेजी गई।

जैसे ही महिलाओं के मोबाइल फोन पर बैंक खातों में राशि जमा होने के संदेश आने शुरू हुए, समारोह में खुशी की लहर दौड़ गई। कई महिलाओं ने सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि उनके घरेलू खर्चों और बच्चों की पढ़ाई जैसी आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में सहायक सिद्ध होगी। इस अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब की माताएँ और बेटियाँ समाज की वास्तविक शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की महिलाओं के विश्वास और सहयोग के कारण ही सरकार जनकल्याण से जुड़े ऐतिहासिक निर्णय लेने में सफल हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक परिवार की महिला को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने यह भी दोहराया कि आम आदमी पार्टी की सरकार अपनी चुनावी गारंटियों को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहँुचाया जा रहा है। समारोह में कैबिनेट मंत्री, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। 

Punjab News 
Punjab News: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को फूलमाला पहनाकर सम्मानित करते ‘आप’ नेता व राज्य स्तरीय समारोह में उपस्थित महिलाएँ। 

About The Author

Related Posts