नयागांव में 17 घंटे बिजली रही गुल, ना दिन में चैन ना रात को नींद, कर्मचारी नहीं उठाते फोन ; लोग हुए परेशान

Published On

नयागांव (एमके शायना)। जिला मोहाली के नयांगांव में बुधवार शाम से बिजली गुल होने से लोग परेशान हो रहे हैं। खबर लिखे जाने तक कई घरों में तो 18 घंटे से बिजली सप्लाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के जेई को बार-बार फोन किया पर वह फोन नहीं उठा रहे हैं। इसके बाद उन्होंने हेल्पलाइन 1912 और ऑनलाइन भी कई शिकायतें दर्ज करवाई हैं, पर इसका कोई जवाब नहीं आया। इससे लोग रात भर बिजली केे बिना परेशान होते रहे। 18 घंटे के बाद कई घरों में गुरुवार शाम को लाइट आई पर बिजली आंख मिचोली कर रही है। बिजली में लगातार उतार चढ़ाव हो रहा है। जिस कारण किसी का इन्वर्टर खराब हो गया तो किसी का पंखा, किसी की एलईडी और किसी की पूरी बिजली लाइन ही खराब हो गई है। लोगों का इतना नुकसान हो चुका है लेकिन प्रशासन इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा।

नया गांव के दशमेश नगर में रहने वाली सिमरन ने बताया कि बिजली ऐसे ही बार-बार परेशान कर रही है । रोजाना बिजली की फ्लैक्यूएशन से हमारे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस खराब हो रहे हैं। उसकी भरपाई कौन करेगा? उन्होंने बताया कि कल सारी रात लाइट नहीं आई। घर के बच्चे बूढ़े जवान सब गर्मी से आहत रहे। हमारी प्रशासन से मांग है कि जल्द से जल्द एक अच्छी क्वालिटी का ट्रांसफार्मर लगाया जाए। ताकि एरिया में बिजली की सप्लाई सुचारू रूप से चालू हो सके।
उधर दशमेश नगर में ही रहने वाली विमला कहती हैं कि पहले बिजली इतने लंबे समय के लिए गुल रही फिर मेरा और मेरे पड़ोसी का इन्वर्टर जल गया है। इसका कारण यह है कि बार-बार बिजली में स्पार्किंग हो रही है। बिजली में बार-बार उतार-चढ़ाव आ रहा है। इसकी वजह से एलईडी, पंखा, लाइट का नुकसान हो गया है। हमारी बिजली विभाग से अपील है कि जल्द से जल्द बिजली सुचारू करके इसे ठीक किया जाए।

नया गांव के विनोद ने कहा कि जब हम समय पर बिजली का बिल भरते हैं तो पावरकाम के अफसरों को भी समय पर अपना काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी पंजाब सरकार से मांग है कि जो बिजली कर्मचारी काम करने में कामचोरी कर रहे हैं और फोन नहीं उठाते उन पर सख्त कार्यवाही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिजली गुल होने की वजह से छोटे-छोटे बच्चे भी गर्मी में रोते बिलखते रहे। लोग सारा दिन और रात परेशान रहे हैं इसकी जवाबदेही होनी चाहिए।

About The Author

Related Posts