जहरीला पशु आहार खाने से मिल्क डेयरी में 9 गायों की मौत, पांच बीमार

Published On

श्रीगंगानगर (सच कहूँ न्यूज)। लालगढ़ जाटान थाना क्षेत्र में चक 16 बीएनडब्ल्यू (श्यामसिंहवाला) में एक मिल्क डेयरी में जहरीला पशु आहार खाने से 9 गायों की मौत हो गई और 5 गाय बीमार हो गईं। इनमें एक की हालत में उपचार के बाद सुधार हुआ है।मिल्क डेयरी के संचालक रमजान अहमद ने उसकी डेयरी के लिए पशु आहार की सप्लाई करने वाली फर्म के संचालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस के अनुसार रमजान अहमद द्वारा दी गई रिपोर्ट पर श्रीगंगानगर में पुरानी धान मंडी के नोहरा नंबर 59 में स्थित फर्म मातूराम महावीरप्रसाद के संचालक पर धारा 429 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

मृत गायों का पशु चिकित्सकों से पोस्टमार्टम करवाया गया है। गायों को जो पशु आहार खिलाया गया,उसे जब्त कर लिया गया है। इस के सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है। रमजान अहमद ने दर्ज करवाए मुकदमे में बताया कि उसकी मिल्क डेयरी में 100 गायें हैं। वह करीब 30 वर्षों से मातूराम महावीरप्रसाद फर्म से पशु आहार डेयरी के लिए मंगवा रहा है। करीब 20 दिन दिन पहले भी उसने पशु आहार मंगवाया था। इनमें से एक कट्टे का पशु आहार 3 फरवरी को दोपहर 3 बजे गायों को खिलाया गया। इसके कुछ देर बाद एक गाय की मौत हो गई।रात 9 बजे 8 और गाय मर गईं जबकि 5 बीमार पड़ गईं।

पुलिस के अनुसार कल शुक्रवार को सूचना मिलने पर रमजान अहमद की डेयरी में जाकर जांच पड़ताल की गई। साथ ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया।रमजान अहमद ने बताया कि जिस कट्टे से पशु आहार गायों को खिलाया गया था, उसमें किसी जहरीली दवा की बदबू आ रही थी।इस कट्टे के पशु आहार को पुलिस ने जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार इस कट्टे के पशु आहार का सैंपल फर्म के संचालक भी जांच-पड़ताल करवाने के लिए ले गए हैं।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts