Fraud Alert: ट्रैक्टर दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप

'फुल फाइनेंस' और भारतमाला प्रोजेक्ट में काम दिलाने का झांसा देकर करवाए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर

Published On

हनुमानगढ़। ट्रैक्टर दिलाने और भारतमाला सड़क परियोजना में काम लगवाने का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। परिवादी की ओर से न्यायालय में पेश किए गए इस्तगासे के आधार पर तलवाड़ा झील थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News

जानकारी के अनुसार वार्ड 11, चक 3 आरडब्ल्यूडी, रामपुरा उर्फ रामसरा निवासी फूसाराम (46) पुत्र साहबराम नायक ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, टिब्बी न्यायालय में इस्तगासा पेश किया। परिवादी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2021 में उसके परिचित शिशपाल पुत्र जगराम एवं रमेश पुत्र शिशपाल निवासी धोलपालिया, ऐलनाबाद जिला सिरसा तथा यस बैंक के एक कर्मचारी ने उसे ट्रैक्टर दिलाने का झांसा दिया।

परिवाद में बताया गया कि आरोपियों ने कहा कि टिब्बी में गणेश मोटर कंपनी के नाम से महिन्द्रा ट्रैक्टर एजेंसी खोली गई है और उसे बिना एक रुपया खर्च किए फुल फाइनेंस पर ट्रैक्टर दिलाया जाएगा। साथ ही भारतमाला सड़क परियोजना में ट्रैक्टर लगाकर उसकी किश्तें भरने का भरोसा भी दिया गया। परिवादी ने आरोप लगाया कि 19 अप्रैल 2021 को उसे टिब्बी स्थित एजेंसी पर बुलाकर विभिन्न अंग्रेजी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए।

आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि ट्रैक्टर की किश्तें उन्हें नहीं भरनी पड़ेगी और परियोजना से होने वाली आय से पूरा भुगतान हो जाएगा। करीब तीन वर्ष बाद जब भारतमाला का कार्य पूरा हुआ तो परिवादी ने ट्रैक्टर वापस मांगा। आरोप है कि आरोपियों ने पहले कुछ समय और इंतजार करने की बात कही, लेकिन बाद में दिसम्बर 2025 में यस बैंक का नोटिस मिलने पर मामला सामने आया।

परिवादी के अनुसार जब वह आरोपियों के पास पहुंचा तो उन्होंने कथित रूप से स्वीकार किया कि ट्रैक्टर उसके नाम पर लेकर आगे बेच दिया गया है तथा बिक्री संबंधी दस्तावेजों पर पहले ही उसके हस्ताक्षर करवाए जा चुके हैं। आरोप है कि आरोपियों ने कहा कि अब फाइनेंस की किश्तें परिवादी को ही भरनी पड़ेगी। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले का अनुसंधान थाना प्रभारी जगदीश सिंह की ओर से किया जा रहा है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts