Baytu Railway News: कीमैन की सतर्कता से टला संभावित रेल हादसा,डीआरएम ने किया सम्मानित
भीमरलाई-बायतु रेलखंड पर पेट्रोलिंग के दौरान ताराराम ने दिखाई सजगता,प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया हौसला
जोधपुर, 26 नवंबर (सच कहूँ ब्यूरो)। रेल पटरियों की नियमित पेट्रोलिंग के दौरान कर्मचारियों की सतर्कता रेल संरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी का उदाहरण पेश करते हुए जोधपुर मंडल के बायतु गैंग संख्या 59 में कार्यरत कीमैन ताराराम ने 21 नवंबर को अपनी सजगता और सूझबूझ से संभावित रेल हादसे को टालने में अहम योगदान दिया।
पेट्रोलिंग के दौरान ताराराम ने भीमरलाई-बायतु रेलखंड के किलोमीटर 779/11-12 पर संभावित खतरे को समय रहते पहचान लिया और तत्काल आवश्यक संरक्षा संबंधी सावधानी के आदेश जारी करवाए। उनकी तत्परता से रेल संचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिली।कर्तव्य के प्रति उनकी सजगता और जिम्मेदारी को देखते हुए मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। डीआरएम ने इसे रेल संरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता,सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा का अनुकरणीय उदाहरण बताया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर(समन्वय) मनोहर सिंह,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर संजय पूनिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments