आवास फाइनेंस कंपनी में किसान का हंगामा, अवैध वसूली के आरोप

लोन फोर क्लोजर के नाम पर 1.22 लाख रुपए लेने का आरोप, शाखा में धरना देकर की कार्रवाई की मांग

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित आवास फाइनेंस लिमिटेड कंपनी की शाखा में बुधवार को एक किसान ने एरिया क्रेडिट मैनेजर पर बदतमीजी और अवैध वसूली के आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। किसान ने लोन बंद करवाने के लिए बार-बार चक्कर कटवाने और फोर क्लोजर लेटर के नाम पर पैसे लेने का आरोप लगाते हुए शाखा में ही धरना दे दिया, जिससे कुछ देर तक माहौल गर्मा गया। टिब्बी तहसील के गांव कुलचन्द्र निवासी किसान विकास झोरड़ पुत्र ने बताया कि उसने करीब दो साल पहले कंपनी की जंक्शन शाखा से लोन लिया था। अब वह लोन की पूरी राशि चुकाकर खाता बंद करवाना चाहता है। Hanumangarh News

किसान का आरोप है कि कंपनी अधिकारियों ने फोर क्लोजर के नाम पर उससे 40 हजार रुपए नकद लिए और कहा कि यह राशि लोन में समायोजित हो जाएगी। इसके बाद अलग-अलग समय पर उससे कुल 1 लाख 22 हजार रुपए और ले लिए गए, लेकिन लोन बंद करने की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई और उसे बार-बार चक्कर कटवाए गए। बुधवार को जब वह दोबारा शाखा पहुंचा तो उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला। संबंधित कर्मचारी छुट्टी पर मिला और एरिया क्रेडिट मैनेजर की ओर से उसके साथ बदतमीजी किए जाने का आरोप भी उसने लगाया। विकास झोरड़ के अनुसार बीमारी की हालत में होने के बावजूद उसे बार-बार कार्यालय बुलाया जा रहा है। परेशान होकर उसने शाखा में ही धरना दे दिया।

विकास झोरड़ ने प्रशासन से मांग की कि उससे अवैध रूप से वसूले गए 1.22 लाख रुपए वापस दिलवाए जाएं और लोन का फोर क्लोजर करवाया जाए ताकि वह शेष राशि जमा कर सके। साथ ही, बदतमीजी करने वाले कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। उधर, कंपनी के एरिया क्रेडिट मैनेजर अनिल पारीक का कहना है कि विकास झोरड़ ने लोन फोर क्लोजर लेटर के लिए आवेदन किया है, जिसे जयपुर भेज दिया गया है। वहीं से स्वीकृति मिलने के बाद प्रक्रिया पूरी होगी। उन्होंने बताया कि किसान फोर क्लोजर लेटर की कॉपी मांग रहा था, जो कैशियर के पास है और गुरुवार को उपलब्ध करवा दी जाएगी। अनिल पारीक ने अवैध वसूली के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यदि ऐसे कोई आरोप हैं तो किसान को इसके प्रमाण प्रस्तुत करने चाहिए। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts