Punjab
जेजेएम में राजस्थान को 4800 करोड़ स्वीकृत कराकर आया हूं -शेखावत
भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल एवं विद्युत व्यवस्थाओं में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश
जयपुर (सच कहूँ न्यूज)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत (Union Minister Gajendra Shekhawat) ने शनिवार को जैसलमेर के ग्राम पंचायत फलसूण्ड में आयोजित जनसुनवाई एवं रात्रि चौपाल में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं नियमानुसार समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों ने केंद्रीय मंत्री का पुष्प वर्षा, माल्यार्पण एवं पारंपरिक स्वागत के साथ आत्मीय अभिनंदन किया। Rajasthan News
पूरे आयोजन में ग्रामीणों में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। जनसुनवाई के दौरान केंद्रीय मंत्री ने एक-एक फरियादी की फरियाद को ध्यानपूर्वक सुना और प्राप्त परिवेदनाओं पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने आमजन को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जल-जीवन मिशन को मिलेगी गति
शेखावत ने बताया कि राजस्थान में जल जीवन मिशन (जेजेएम) जो पिछले कुछ समय से जांच और बजट की कमी के कारण काम ठप्प पड़ा था, उसे फिर से पुनर्जीवित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार से जल जीवन मिशन को गति प्रदान करने के लिए राजस्थान के खाते में 4800 करोड़ रुपए स्वीकृत करा कर और ट्रांसफर करवा दिए है। इतने दिनों तक जांच के चलते ठेकेदारों का भुगतान रुका हुआ था और काम ठप्प थे, लेकिन अब पैसे की कोई कमी नहीं आएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मिशन को वर्ष 2028 तक बढ़ा दिया है और देश भर के लिए 1 लाख करोड़ रुपए का अतिरिक्त बजट आवंटित किया गया है। Rajasthan News
गरीब के घर पहले पहुंचे पानी, टैंकरों से पानी परिवहन की प्रभावी हो मॉनिटरिंग
रात्रि चौपाल के दौरान शेखावत ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि इस भीषण गर्मी में हर हाल में पीने का पानी मिलें इसके लिए वे मिशन मोड के साथ ही सेवा भावना से कार्य करें अन्यथा उनको परिणाम भुगतना पड़ेगा। उन्होंने जिला कलक्टर को कहा कि वे टैंकरों से पेयजल परिवहन के लिए प्रभावी मॉनेटरिंग सुनिश्चित करें एवं यह देखें कि गरीब को सार्वजनिक टांकों में पीने का पानी अवश्य ही नि:शुल्क मिलें। उन्होंने टैंकरों से पेयजल परिवहन का साप्ताहिक कलैण्डर जारी कर प्रकाशित करने पर जोर दिया ताकि लोगो को उनके गांवो एवं ढांणी में आने वाले टैंकरों की जानकारी रहे।
विद्युत से वंचित घरों तक पहुंचेगी बिजली—
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि अभी भी जैसलमेर व बाड़मेर जिले मे ढांणियों में स्थित हजारों घर विद्युत से वंचित रह गये हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री जी की नई योजना के तहत 1000 दिनों के भीतर हर छूटे हुए घर तक बिजली पहुंचाने का भरोसा दिया। Rajasthan News