टूरिस्ट बस और ट्रक की भिड़ंत, दिल्ली के 5 पर्यटकों की मौत

Published On

जोधपुर (एजेंसी)। राजस्थान के जोधपुर के फलोदी क्षेत्र में शनिवार सुबह मिनी टूरिस्ट बस और ट्राले की भिड़ंत में पाँच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं इस हादसे में 6 बच्चों सहित 12 लोग घायल हो गए। मरने वालों में सभी दिल्ली के रहने वाले थे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार दिल्ली से पर्यटक मिनी बस में जैसलमेर जा रहे थे। तभी आज सुबह बस फलौदी के बाप थाना इलाके के एनएच-11 पर गाड़ना गांव के समीप एक ट्रोले से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मिनी बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद बस में सवार सभी लोग अंदर ही फंस गए। घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।

चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस व ग्रामीणों ने मिलकर बस में फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दो महिलाओं सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि छह बच्चों सहित 12 पर्यटक घायल हो गए। तब घायलों को फलौदी और बीकानेर अस्पताल भेजा गया। घायलों में कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। थानाधिकारी हरि सिंह राजपुरोहित ने बताया कि मिनी बस और ट्रॉली में से किसी एक चालक को झपकी आने के कारण हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts