महिला से धोखाधड़ी, दामाद पर बीमा व बैंक दस्तावेज हड़पने का आरोप

पॉलिसी की रकम दिलाने के नाम पर लिए कागजात, लौटाने से किया इंकार

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। महिला के साथ धोखाधड़ी कर बीमा पॉलिसी व बैंक से जुड़े दस्तावेज हड़पने का मामला सामने आया है। अदालत के आदेश पर भादरा पुलिस थाना में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, वार्ड नम्बर 38, मीरा कॉलोनी, भादरा निवासी राधादेवी (65) पत्नी पेमाराम सैनी ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भादरा के समक्ष इस्तगासा पेश किया। इसमें आरोप लगाया गया कि ऐलनाबाद, सिरसा, हरियाणा निवासी उसके दामाद बलवीर सिंह (42) पुत्र भजनलाल ने छलपूर्वक बीमा व बैंक दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए। Hanumangarh News

परिवाद के अनुसार, राधादेवी की पुत्री किरण की 26 जनवरी 2025 को आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। इससे पहले उसकी नातिन सरिता का भी निधन हो चुका था। मृतका किरण ने अपने जीवनकाल में विभिन्न बीमा पॉलिसियां करवाई हुई थीं, जिनमें भारतीय जीवन बीमा, पोस्ट ऑफिस व एसबीआई लाइफ से जुड़ी पॉलिसियां शामिल हैं। राधादेवी ने आरोप लगाया कि जुलाई 2025 में उसने उक्त पॉलिसियों की राशि प्राप्त करने के लिए अपने दामाद बलवीर सिंह से मदद मांगी। इस पर आरोपी ने भरोसा दिलाया कि वह पूरी राशि दिलवा देगा और इसी बहाने उसने सभी मूल पॉलिसी दस्तावेज, बैंक कागजात, मृतका का मोबाइल फोन व टैब अपने पास ले लिए।

साथ ही, राधादेवी के पति पेमाराम से खाली स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर भी करवा लिए। आरोप है कि बाद में बार-बार मांगने पर भी आरोपी ने दस्तावेज वापस नहीं लौटाए। 21 मार्च 2026 को जब महिला ने दस्तावेज लौटाने को कहा तो आरोपी ने साफ इंकार करते हुए कथित तौर पर कहा कि वह स्वयं पॉलिसी की राशि प्राप्त करेगा और उसके खिलाफ कुछ नहीं किया जा सकता। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक सुमेर सिंह को सौंपी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts