Kairana Road Accident: ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर ई-रिक्शा में बैठे युवक की मौत

Published On

कस्बे के कांधला तिराहे के निकट हुआ सड़क हादसा, युवक की मौत से परिवार में मचा कोहराम

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana Road Accident News: ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर ई-रिक्शा में बैठे युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में ई-रिक्शा चालक भी घायल हुआ है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बाबरी थानाक्षेत्र के गांव हिरणवाड़ा निवासी राशिद(30) कस्बा कांधला के मोहल्ला जन्नत में किराए के मकान में रहकर मजदूरी कार्य किया करता था। बताया जा रहा है कि रिश्तेदारी में किसी व्यक्ति की मौत में शामिल होने के लिए वह शनिवार प्रातः करीब छह बजे कस्बे के कांधला बस स्टैंड पर पहुंचा। इसके बाद, वह ई-रिक्शा में सवार होकर शामली बस स्टैंड की ओर आ रहा था। इसी दौरान कस्बे के कांधला तिराहे से गुजर रही बस की साइड लगने से ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। हादसे में ई-रिक्शा सवार युवक व चालक दोनों घायल हो गए। राहगीरों की सहायता से दोनों घायलों को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने गम्भीर रूप से घायल राशिद को मृत घोषित कर दिया। Kairana News

हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक युवक के रोते-बिलखते परिजन कैराना पहुंचे। वहीं, मामले की सूचना मिलने पर कस्बे की इमामगेट चौकी प्रभारी एसआई गौरव चौहान पुलिस टीम के साथ में मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी हासिल करने के पश्चात मृतक युवक के शव को पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक युवक एक बच्चे का पिता बताया जा रहा है। हादसे में हुई युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री का कहना है कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है, जिसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर प्राप्त होते ही मुकदमा दर्ज करके अग्रिम कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

यह भी पढ़ें:– अपर आयुक्त ने कैराना पहुंचकर तहसील, ब्लॉक व नगरपालिका का किया निरीक्षण

About The Author