Mission Shakti: सेंट आरसी स्कूल में महिला अधिकारों के प्रति किया जागरूक
कैराना (सच कहूँ न्यूज)। Mission Shakti: मिशन शक्ति-5.0 के तहत कस्बे के सेंट आरसी कॉन्वेंट स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं को महिला अधिकारों के प्रति जागरूक करके आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। सोमवार को मिशन शक्ति व एंटी रोमिया की टीम कस्बे के सेंट आरसी साइंटिफिक कॉन्वेंट स्कूल में पहुंची। जहां पर टीम ने मिशन शक्ति-5.0 के अंतर्गत उपस्थित छात्राओं को महिला अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी पिंकी चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार के द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु मिशन शक्ति कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करके मजबूत बनाना है। उन्होंने बताया कि देश के संविधान तथा प्रकृति ने महिला व पुरुष के मध्य कोई भेद नही किया है। महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नही है। महिलाएं नेशनल व इंटरनेशनल लेवल पर राष्ट्र व समाज का नाम रोशन कर रही है। उन्होंने छात्राओं को किसी भी विषम परिस्थिति का डटकर मुकाबला करने के लिए भी प्रेरित किया।
टीम में शामिल एसआई चंद्रशेखर ने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने हेतु अनेकों कानून बनाए है, जिनमें से ज्यादातर कानूनों एवं अधिकारों से महिलाएं अनभिज्ञ है। महिलाओं की जागरूकता के लिए ही सरकार ने मिशन शक्ति अभियान चलाया है। उन्होंने छात्राओं को शासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर-112,1090,1076,108,102 आदि के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही, छात्राओं को किसी भी विषम परिस्थिति में इन नंबरों का नि:संकोच इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप कौशिक ने किया। इस अवसर पर विद्यालय निदेशक यशपाल पंवार, जोनी चौहान, अजेंद्र सिंह, अमित तोमर, इमरान अली, मीनू, परमजीत कौर, ऊषा अग्रवाल, ममता शर्मा, आरती शर्मा आदि मौजूद रहे। Kairana News
यह भी पढ़ें:- गुरुग्राम में जल्द बनेगा 400 बेड का आधुनिक अस्पताल: आरती सिंह राव