Punjab
ऐरटी में धूमधाम से मनाया गया भगवान परशुराम जन्मोत्सव, निकाली गई शोभायात्रा
भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर ऐरटी गांव में निकली भव्य शोभायात्रा
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: रविवार को ब्लॉक क्षेत्र के गांव ऐरटी में भगवान परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में शोभायात्रा निकाल कर धार्मिक एकता का संदेश दिया गया। इस दौरान महिला एवं पुरुष ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में शोभायात्रा में शामिल होकर धर्म लाभ उठाया। इससे पूर्व, गांव में स्थित भारद्वाज दण्डि आश्रम में हवन एवं अतिथि सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें रालोद के प्रदेश महासचिव विजय कौशिक, कांंग्रेेस के युवा प्रदेश महासचिव अशवनी शर्मा, सिटी सीओ जितेन्द्र कुमार व सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सचिन शर्मा मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थित हुए, जबकि भाजपा के जिला महामंत्री भूपेंद्र शर्मा,
देवी मंदिर कैराना बिजलीघर के अवर अभियंता अजय शर्मा, समाजसेवी मोहित शर्मा सिलावर व शुभम शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान मुख्य व विशिष्ट अतिथियों व वक्ताओं का गले में पटके पहनाकर स्वागत किया गया। रालोद के प्रदेश महासचिव विजय कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि परशुराम सम्पूर्ण समाज के भगवान हैं। सम्पूर्ण समाज के लोगो को उनके द्वारा बताए गए कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। अशवनी शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम में सबकी आस्था है। बिडोली के भगवान परशुराम चौंक के निर्माण में सभी बिरादरियों का सराहनीय सहयोग मिला। भगवान परशुराम मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के भी आराध्य हैं। सीओ सिटी जितेन्द्र कुमार ने कहा कि भगवान परशुराम पितृभक्त थे। हमें उनके चरित्र का अनुसरण करके जीवन में कर्तव्य मार्ग पर आगे बढना चाहिए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सचिन शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम ने अधर्म के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने आतिथ्य भाव से गदगद होकर कहा कि आयोजक समिति के द्वारा दिए गए सम्मान के लिए वह सदैव उनके ऋणी रहेंगे। भाजपा के जिला महामंत्री भूपेंद्र शर्मा ने कहा कि भ्रांतियों से बचना चाहिए। भगवान परशुराम किसी जाति के नही, बल्कि अत्याचार के विरोधी थे। भारद्वाज दण्डि आश्रम पीठाधीश्वर स्वामी ललितानंद ने सभी अतिथियों को भगवान परशुराम की तस्वीर भेंट करके आशीर्वाद प्रदान दिया। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम ने दबे-कुचले एवं पीड़ित वर्ग के उत्थान के लिए फरसा उठाया था। उनके चरित्र को जानने के लिए वेदों एवं पुस्तकों का अध्ययन करना चाहिए।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सनातन हिन्दू परिषद गोरक्षा दल के जिलाध्यक्ष वीशु शर्मा ऐरटी का अभिवादन किया गया। कार्यक्रम का संचालन मास्टर बाल किशन शर्मा व वीशू शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष शुभम शर्मा किवाना, परशुराम परिषद के जिलाध्यक्ष सूरज शर्मा तथा अर्जुन पण्डित, सोनू शर्मा रामडा आदि ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान अखिलेश भारद्वाज, सचिन शर्मा, पिंटू शर्मा, अनुज शर्मा, पारस शर्मा, अंशुल शर्मा, मोंटी शर्मा, अजीत शर्मा, प्रवेश शर्मा ऊदपुर, सौरव शर्मा जलालपुर आदि मौजूद रहे।
