सपनों को लक्ष्य बनाओ, मेहनत को आदत—सफलता स्वयं कदम चूमेगी: सिस्टर मारिया

क्रिस्तु ज्योति स्कूल के विद्यार्थियों ने बोर्ड परिणाम में रचा उत्कृष्टता का इतिहास

Published On

बड़ौत (सच कहूँ/डॉ संदीप कुमार दहिया)। Baraut News: आईसीएसई (कक्षा 10) एवं आईएससी (कक्षा 12) बोर्ड परिणाम घोषित होते ही क्रिस्टी ज्योति कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में खुशी और उत्साह का माहौल छा गया। विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। कक्षा 12 में छात्रा वृत्ति  ने 97.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके साथ ही आकाश तोमर ने 94.75 प्रतिशत और पारी गुप्ता ने 93.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

वहीं कक्षा 10 में सारांश गर्ग ने 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। छवि आर्या ने 97 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि पूर्व तोमर और यशस्वी तोमर ने 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया। कक्षा 10 में कुल 150 विद्यार्थियों में से 26 ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर मारिया ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर एवं फूल-मालाएं पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने अत्यंत प्रेरक वक्तव्य में उन्होंने कहा कि “सपने वो नहीं जो हम सोते समय देखते हैं, बल्कि सपने वो हैं जो हमें सोने नहीं देते। जब विद्यार्थी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर निरंतर मेहनत करते हैं, तो सफलता उन्हें अवश्य प्राप्त होती है। अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच जीवन की सबसे बड़ी ताकत हैं। असफलता केवल एक सीख है, जो हमें और मजबूत बनाती है। जो छात्र अपने समय का सही उपयोग करते हैं और लक्ष्य के प्रति ईमानदार रहते हैं, वही जीवन में नई ऊंचाइयों को छूते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में असीम संभावनाएं छिपी होती हैं, जरूरत है उन्हें पहचानने और सही दिशा में प्रयास करने की। “आप जितना बड़ा सोचेंगे, उतनी ही बड़ी सफलता हासिल करेंगे। इसलिए हमेशा ऊंचा लक्ष्य रखें और उसे पाने के लिए पूरी लगन से जुट जाएं।” सभी सफल छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षक स्कूल प्रबंधन और माता-पिता को दिया।

About The Author

Related Posts