जाति-धर्म से ऊपर उठकर विकास की राजनीति में विश्वास करता हूँ: मनीष चौहान

विवादित टिप्पणी के विरोध में पंचायत की तैयारी कर रहे समाज के लोगो को मनाने गांव कण्डेला पहुंचे भाजपा नेता

Sarvesh Kumar Picture
Published On

कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News: शनिवार शाम भारतीय जनता पार्टी के नेता मनीष चौहान गांव कण्डेला में स्थित चौधरी मानसिंह राजकीय इण्टर कॉलिज में पहुंचे। जहां पर उन्होंने पहले से मौजूद गुर्जर समाज के लोगो से संवाद किया। भाजपा नेता ने अपने संबोधन में कहा कि वह जाति-धर्म की संकीर्ण मानसिकता से ऊपर उठकर विकास की राजनीति करते है। समाज का सम्मान उनके लिए सर्वोपरी है। किसी भी कीमत पर समाज के सम्मान के साथ कोई समझौता नही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक युवक द्वारा विवेकहीनता का परिचय देते हुए पूरे समाज के बारे में स्तरहीन टिप्पणी की गई है, जिसे लेकर समाज में आक्रोश है, लेकिन इस आक्रोश को कानून के दायरे में रहकर व्यक्त किया जाएगा।

उन्होंने समाज के लोगो से आह्वान किया कि हमें इस मामले को तूल नही देना है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में कानूनी प्रक्रिया का प्रावधान है। सभ्य व्यक्ति अथवा समाज के द्वारा किसी भी क्रिया की प्रतिक्रिया कानूनी तरीके से व्यक्त की जाती है। भाजपा नेता ने कहा कि सभी समाज के लोग उनके साथ है। विवादित टिप्पणी करने वाले युवक के प्रति दूसरे समाज के लोगो में भी गुस्सा है। लोग इसकी निंदा कर रहे है। उन्होंने मौजूद लोगो विशेषकर युवाओं से किसी के बहकावे में आकर कोई भी गैर-जिम्मेदार कदम उठाने से परहेज करने की अपील की है। मनीष चौहान ने अपने संबोधन में विपक्षियों पर भी कड़ा प्रहार किया है।

कहा कि वह दिन-रात क्षेत्र के लोगो की सेवा कर रहे है, जो कुछ लोगो को हजम नही हो रहा है। कुछ लोग स्तरहीन राजनीति करके उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा रहे है, लेकिन जनता सब जानती है। ऐसे लोग अपने मकसद में कभी कामयाब नही होंगे। वक्त आने पर जनता इनके षड्यंत्र का जवाब देगी। इस दौरान विलियम प्रधान, राजपाल प्रधान, शीशपाल प्रधान, राकेश पटवारी, सूरज चौहान, प्रेमसिंह चौहान, यशपाल शेखूपुरा, बिजेंद्र शेखूपुरा, रोशन चौहान, राजेश जगनपुर, दीपक जगनपुर, विनय चौहान, विनोद शेखूपुरा, राजदीप चौहान, सुनील उर्फ टोनू, विजय, सरवेस, रूपेश आदि मौजूद रहे।

यह है पूरा मामला....

कांधला थानाक्षेत्र के गांव जसाला के युवक मोनू कश्यप की मौत के मामले में अनुज कश्यप नामक युवक के द्वारा सोशल मीडिया पर जाति विशेष के प्रति विवादित टिप्पणी की गई थी, जिसे लेकर गुर्जर समाज में आक्रोश व्याप्त है। युवक द्वारा की गई टिप्पणी से मामला तूल पकड़ रहा है। सोशल मीडिया पर गुर्जर समाज के युवकों के द्वारा टिप्पणी के विरोध में आक्रोशित प्रतिक्रिया व्यक्त की जा रही है। भाजपा नेता मनीष चौहान से भी विवादित टिप्पणी करने वाले युवक की तीखी बहस हो चुकी है, जिसका ऑडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित है।

विवादित टिप्पणी के विरोध में विगत शुक्रवार को गांव शेखूपुरा निवासी प्रेमसिंह के आवास पर पंचायत आयोजित करके गुर्जर समाज के लोगो ने आक्रोश व्यक्त किया था। उन्होंने रविवार को गांव में बड़ी पंचायत करने की घोषणा की थी, जिसमें आसपास के गांवों से भी गुर्जर समाज के लोगो को बुलाने की तैयारी थी। मामले में तूल पकड़ता देख भाजपा नेता मनीष चौहान शनिवार को गांव कण्डेला में पहुंचे। उन्होंने पंचायत की तैयारी कर रहे समाज के आक्रोशित लोगो को समझा-बुझाकर शांत किया। भाजपा नेता के समझाने के बाद समाज के लोग पंचायत टालने पर राजी हुए।

Kairana News (7)

About The Author

Related Posts