Shamli News: शामली में दो माह से बंद पड़ी खाद्य एवं रसद विभाग की वेबसाइट, पात्र उपभोक्ता परेशान
शासन स्तर से डेढ़ माह पूर्व जिला मुख्यालय भेजी जा चुकी है अपात्र राशन उपभोक्ताओं की सूची
कैराना (संदीप इन्सां/सच कहूं न्यूज़ )। खाद्य एवं रसद विभाग की वेबसाइट बंद होने के कारण जिले में राशन कार्ड से संबंधित कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वेबसाइट का संचालन बाधित होने से पात्र उपभोक्ताओं को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, दूसरी ओर अपात्र लोग गरीबों के निवाले पर डाका डाल रहे हैं। विभागीय वेबसाइट बंद होने के कारण नए राशन कार्ड बनवाने, पात्र सदस्यों के नाम जुड़वाने और अन्य जरूरी संशोधन कराने जैसे कार्य नहीं हो पा रहे हैं।
इसके चलते जरूरतमंद और पात्र परिवार सरकारी राशन योजना का लाभ पाने के लिए विभागीय कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।सबसे अधिक परेशानी उन पात्र परिवारों को उठानी पड़ रही है, जो लंबे समय से राशन कार्ड में अपने परिवार के सदस्यों के नाम जुड़वाने या अन्य संशोधन कराने का इंतजार कर रहे हैं।
वेबसाइट बंद होने के कारण उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। स्थानीय लोगों ने खाद्य एवं रसद विभाग के उच्चाधिकारियों से वेबसाइट का संचालन जल्द शुरू कराने और राशन कार्डों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि सरकारी योजना का लाभ वास्तविक पात्र परिवारों तक पहुंच सके और अपात्रों को इसका लाभ मिलने से रोका जा सके।

दो माह से बंद पड़ी वेबसाइट, जिम्मेदार बेपरवाह:
शामली जिले में खाद्य एवं रसद विभाग की वेबसाइट करीब दो माह से बंद पड़ी है। इसके चलते विभाग की ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं और पात्र उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वेबसाइट का संचालन ठप होने से नए राशन कार्ड बनवाने, कार्डों में संशोधन कराने और परिवार के पात्र सदस्यों के नाम जुड़वाने जैसी प्रक्रियाएं बाधित हैं।
ऐसे में पात्र उपभोक्ताओं को अपने जरूरी कार्यों के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं, अपात्र लोगों के योजना का लाभ लेने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। सवाल यह है कि आखिर विभागीय अधिकारी इस समस्या के समाधान को लेकर कब गंभीर होंगे। उपभोक्ताओं ने शासन और जिला प्रशासन से वेबसाइट जल्द चालू कराने तथा पात्र परिवारों को योजना का लाभ सुनिश्चित कराने की मांग की है।
जिला मुख्यालय भेजी जा चुकी है अपात्र राशन कार्डधारकों की सूची, कार्यवाही का इंतजार
शासन स्तर से राशन योजना का लाभ ले रहे संदिग्ध और अपात्र उपभोक्ताओं की सूची करीब डेढ़ माह पूर्व जिला मुख्यालय भेजी जा चुकी है। इसके बावजूद अपात्र राशन कार्डधारकों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हो सकी है। खाद्य सुरक्षा योजना के तहत जिले में ग्रामीण और नगरीय आबादी को अलग-अलग निर्धारित अनुपात में लाभान्वित करने का लक्ष्य तय किया गया है।
इसके तहत ग्रामीण क्षेत्र की 79.56 फीसदी तथा नगरीय क्षेत्र की 64.43 फीसदी आबादी को योजना से आच्छादित करने का प्रावधान है। योजना का उद्देश्य पात्र परिवारों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराकर उनकी खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना है। ऐसे में अपात्र लोगों को योजना का लाभ मिलने से वास्तविक जरूरतमंद परिवारों के हक पर असर पड़ने की आशंका है।
डीएसओ का दावा, शामली में 85 फीसदी फ्लैगिंग का कार्य पूरा:
जिला आपूर्ति अधिकारी अंकुर यादव ने बताया कि शासन स्तर से संदिग्ध राशन उपभोक्ताओं की सूची प्राप्त हुई है। सूची में शामिल उपभोक्ताओं की फ्लैगिंग (चिह्नित करने) का कार्य किया जा रहा है, जो करीब 85 प्रतिशत पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि फ्लैगिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जांच में अपात्र पाए जाने वाले उपभोक्ताओं के नाम राशन कार्डधारकों की सूची से हटा दिए जाएंगे। जिला पूर्ति अधिकारी का दावा है कि फ्लैगिंग के कार्य में शामली जिला पूरे प्रदेश में दूसरे स्थान पर है।
Comments