74.40 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, जेल रवाना
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana: कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन सवेरा के तहत चेकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों से दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से कुल 372 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पकड़ी गई स्मैक की अनुमानित कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करीब 74.40 लाख रुपये बताई गई है। पकड़े गए आरोपियों का पुलिस ने चालान कर दिया है।
डीआईजी सहारनपुर के कुशल नेतृत्व में परिक्षेत्र के अंतर्गत मादक पदार्थों, नशे के अवैध कारोबार, प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी रोकथाम हेतु विशेष अभियान 'ऑपरेशन सवेरा: नशे के अंधकार से, जीवन के उजाले की ओर' संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को एसपी शामली नरेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार मादक पदार्थो की तस्करी में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत कस्बे की इमामगेट चौकी प्रभारी एसआई जितेंद्र त्यागी ने चेकिंग के दौरान नेशनल हाइवे पर स्थित रामड़ा चौराहे से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 200 ग्राम मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम व पता सादिक निवासी मोहल्ला आलखुर्द नौगजा पीर कस्बा कैराना बताया। पकड़ी गई स्मैक की अनुमानित कीमत 40 लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं, दूसरी ओर कस्बे की किलागेट चौकी प्रभारी एसआई विनोद राघव ने भी चेकिंग के दौरान बंद पड़ी हसन स्टील फैक्ट्री के निकट से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 172 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम व पता आसिफ निवासी मोहल्ला बंजारा बस्ती आर्यपुरी कैराना बताया। पकड़ी गई स्मैक की अनुमानित कीमत 34.40 लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की सम्बंधित धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज करके उनका चालान कर दिया है।