Uttarakhand: सीबीएसई 12वीं में उत्तराखंड की टॉपर अरीना रघुवंशी से सीएम धामी ने की सीधे फोन पर बात, दी शुभकामनाएं
अरीना रघुवंशी ने किया आभार व्यक्त व जताई मुलाकात की इच्छा
देहरादून। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं परीक्षा में उत्तराखंड में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली हल्द्वानी निवासी अरीना रघुवंशी को मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने दूरभाष के माध्यम से अरीना से बातचीत कर उनकी सफलता की सराहना की और इसे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। Uttarakhand News
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अरीना की उपलब्धि यह सिद्ध करती है कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी सफलता को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने छात्रा को आगे भी इसी लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने अरीना से उनकी भविष्य की योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली।
अरीना ने बताया कि वह विधि शिक्षा प्राप्त करने के बाद अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहती हैं। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र या यूनेस्को जैसी वैश्विक संस्थाओं में कार्य करने की इच्छा व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने छात्रा के इस लक्ष्य की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के युवा देश और दुनिया में अपनी प्रतिभा के बल पर नई पहचान बना रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अरीना भविष्य में भी प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।
अरीना रघुवंशी ने मुख्यमंत्री द्वारा दी गई शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया तथा उनसे मुलाकात की इच्छा भी जताई। मुख्यमंत्री ने उन्हें शीघ्र मुलाकात का आश्वासन दिया। गौरतलब है कि सीबीएसई द्वारा घोषित 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में इस वर्ष देशभर में उल्लेखनीय सफलता दर्ज की गई है। शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि विद्यार्थियों की मेहनत और अभिभावकों व शिक्षकों के सहयोग से उत्कृष्ट परिणाम सामने आए हैं। Uttarakhand News