कैबिनेट मंत्री ने 50 बेड वाले अत्याधुनिक जच्चा-बच्चा अस्पताल का किया शिलान्यास
सुनाम में स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार पर अब तक लगभग 57 करोड़ रुपये खर्च: अमन अरोड़ा
सुनाम ऊधम सिंह वाला (सच कहूँ/कर्म थिंद)। Sunam Udham Singh Wala News: पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने सोमवार को सुनाम हलके के लोगों को एक बड़ी सौगात देते हुए सरकारी अस्पताल सुनाम में 50 बेड वाले अत्याधुनिक जच्चा-बच्चा अस्पताल का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि यह अस्पताल लगभग 14 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विधानसभा हलका सुनाम में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ देने के लिए अब तक विभिन्न परियोजनाओं पर लगभग 57 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
इनमें करीब 25.5 करोड़ रुपये की लागत से सरकारी अस्पताल सुनाम में ओपीडी के नए 9 कमरों का ब्लॉक, दवाइयों का वेयरहाउस, ट्रॉमा सेंटर और ब्लड बैंक शामिल हैं। चीमा में 14.5 करोड़ रुपये और लोंगोवाल में 11.5 करोड़ रुपये की लागत से अस्पताल बनाए गए हैं। हलके में विभिन्न स्थानों पर 8 आम आदमी क्लीनिक बनाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक की लागत 25 लाख रुपये है। इसी तरह 12 हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर बनाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक की लागत 35 लाख रुपये है। उन्होंने कहा कि जच्चा-बच्चा अस्पताल माताओं और नवजात शिशुओं के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके बनने से लोगों को उच्च स्तरीय इलाज के लिए दूर-दराज या बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। इस मौके पर डिप्टी डायरैक्टर स्वास्थ्य मोनिका, यादविन्द्र निर्माण, मनप्रीत बंसल, साहिब सिंह, आशा बजाज, संदीप सोनी विर्क, यशपाल मंगला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, संस्थाओं के पदाधिकारी, गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।
अस्पताल में ये सुविधाएँ रहेंगी मौजूद
इस अस्पताल में 5 ओपीडी कमरे, 2 आधुनिक आॅपरेशन थिएटर, 3 बेड का नॉर्मल डिलीवरी रूम, टेस्टिंग लैब, अल्ट्रासाउंड लैब, फामेर्सी, ईसीजी रूम, पीडियाट्रिक रूम और इम्यूनाइजेशन रूम सहित सभी आधुनिक सुविधाएँ होंगी। इसके अलावा 4 गायनी वार्ड, 2 बाल रोग वार्ड, 4 प्राइवेट कमरे, 3 डॉक्टर स्टेशन और 5 नर्स स्टेशन बनाए जाएंगे। ताकि मरीजों की संभाल और भी प्रभावशाली तरीके से की जा सके।
अस्पताल में 4 बेड का हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू), मिडवाइफरी लैड केयर यूनिट (एमएलसीयू) और 12 बेड का स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) भी स्थापित किया जाएगा, जिससे गंभीर मामलों में माताओं और बच्चों को विशेष उपचार मिल सकेगा। अस्पताल में प्रत्येक सेवा के लिए अलग वेटिंग एरिया और नवजात शिशुओं के लिए विशेष फीडिंग यूनिट भी बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना ‘एक की छत्त के नीचे सम्पूर्ण इलाज’ की अवधारणा को साकार करेगी।