येलो वेस्ट प्रदर्शन: बाक्सर को चंदा, समर्थन मिलने से सरकार नाखुश

Published On

पेरिस 09 जनवरी (एजेंसी)

फ्रांस की राजधानी पेरिस में पिछले सप्ताह हुए प्रदर्शन में पूर्व बाक्सिंग चैंपियन क्रिस्टोफे डेटिंगर के पुलिस पर हमला करने और सोशल मीडिया के जरिए उसे मिल रहे भारी समर्थन और चंदे से फ्रांस की सरकार नाखुश है। सोमवार को बॉक्सर के संबंधियों ने कानूनी लड़ाई के लिए चंदे प्राप्त करने के लिए अभियान शुरू किया। स्थानीय न्यूज चैनल के अनुसार मंगलवार को इस अभियान के तहत 1,20,000 यूरो का चंदा जमा कर लिया गया है। इसके अलावा ‘स्पोर्ट फॉर क्रिस्टोफे डेटिंगर’ वेबसाइट पर फोलोअर्स की संख्या 7400 से ज्यादा हो गयी है।

फ्रांस की श्रम मंत्री मुरियल पेनीकाड ने कहा, “हिंसा को जायज मानने वाले और इसके लिए पैसा देने वाले नागरिकों की संख्या कम है। ये लोग अपने बच्चों को कैसे समझाते हैं कि हिंसा ही जवाब देने का सही तरीका है। यह मेरी समझ से परे हैं। मैं इसे स्वीकार नहीं कर सकती।” समानता मंत्री मारलेने सचियप्पा ने कहा कि इस तरह का चंदा शर्मनाक है।

यूरोपीय मामलों की मंत्री नाथली लोईसेउ ने ट्वीट किया, “सुरक्षा बल पर हमला करने वाले व्यक्ति के लिए चंदा देना गैर जिम्मेदाराना है। इसे जायज नहीं ठहराया जा सकता। मैं चंदे की राशि को देखकर आश्चर्यचकित हूं। सरकार सुरक्षाबलों पर इस तरह के हमले बर्दाश्त नहीं करेगी।” गौरतलब है कि बॉक्सर ने प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी पर मुक्कों से वार किया था। बॉक्सर अभी भी पुलिस की हिरासत में है। फांस में पिछले वर्ष 17 नवंबर से ही येलो वेस्ट प्रदर्शन हो रहा है।

 

 

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें

About The Author

Related Posts