हमसे जुड़े

Follow us

16.8 C
Chandigarh
Friday, March 20, 2026
More
    Home देश मध्य प्रदेश :...

    मध्य प्रदेश : शिवराज कैबिनेट में पांच नए मंत्री शामिल

    दो दिग्गजों को किया गया दरकिनार

    भोपाल (एजेंसी)। कोरोना के प्रकोप के बीच मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान कैबिनेट का विस्तार किया गया। कैबिनेट में पांच नए चेहरों को शामिल किया गया है। बता दें कि दिल्ली से सोमवार शाम को हरी झंडी मिलने के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान ने गवर्नर लालजी टंडन से बात की थी। उसके बाद राजभवन में शपथ ग्रहण हुई। सबसे पहले नरोत्तम मिश्रा, उसके बाद सिंधिया खेमे के तुलसी सिलावट ने शपथ ली। तुलसी सिलावट कमलनाथ सरकार में स्वास्थ्य मंत्री थे। इसके बाद बीजेपी विधायक कमल पटेल ने मंत्री पद की शपथ ली है।

    कमल पटेल हरदा से विधायक हैं। ये पूर्व सीएम उमा भारती के करीबी हैं। इसके साथ ही सिंधिया कोटे से गोविंद सिंह राजपूत ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। गोविंद सिंह राजपूत कमलनाथ सरकार में परिवहन मंत्री रहे हैं। मानपुर से 5 बार विधायक रहीं मीना सिंह ने भी मंत्री पद की शपथ ली हैं। बताया जाता है कि वे प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की करीबी हैं।

    बता दें कि शिवराज कैबिनेट में जातिगत समीकरणों को साधने की कोशिश की गई है। कमल पटेल कुर्मी समुदाय से आते हैं, नरोत्तम मिश्रा ब्राह्मण, मीना सिंह आदिवासियों का प्रतिनिधित्व करती हैं, साथ ही महिला भी हैं। राजपूत समाज से गोविंद सिंह राजपूत को जगह मिली हैं और तुलसी सिलावट अनुसूचित जाति वर्ग से आते हैं।

    इस विस्तार में दिल्ली दरबार के हुकमानुसार ही जगह दी गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मंजूरी के बाद कैबिनेट विस्तार हुआ। अंतिम समय में भाजपा के दो बड़े नेताओं पूर्व नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव और पूर्व गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह का नाम चल रहा था। लेकिन बाद में दिल्ली से साफ कर दिया गया कि अभी टीम छोटी ही रहेगी।

     

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।