Jharkhand: नाले में बहा दो साल का बच्चा, मौत, निगम पर लापरवाही का आरोप

Published On

Giridih Child Accident: गिरिडीह (झारखंड)। शहर में हुए एक हृदयविदारक हादसे ने सभी को झकझोर दिया। महज़ दो वर्ष का मासूम बरसाती नाले के तेज बहाव में बह गया और उसकी मौत हो गई। घटना के लगभग अठारह घंटे बाद रविवार दोपहर बच्चे का शव खोजी दल ने बरामद किया। इस दुखद घटना से परिवार पर ग़म का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं नगर निगम और प्रशासन की लापरवाही को लेकर लोगों में आक्रोश उमड़ आया। Jharkhand News

शनिवार की शाम भारी वर्षा के दौरान बच्चा गांधी चौक स्थित अपने घर के पास खेल रहा था। इसी बीच वह फिसलकर खुले नाले में जा गिरा। पानी का प्रवाह इतना तेज था कि बच्चे का कोई सुराग तुरंत नहीं मिल सका। देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

नगर निगम की टीम ने रात तक तलाशी अभियान चलाया

सूचना मिलने पर जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम ने रात तक तलाशी अभियान चलाया, किंतु सफलता हाथ नहीं लगी। रात ढलते ही अभियान रोकना पड़ा। इससे लोगों की नाराज़गी और बढ़ गई। रविवार सुबह नागरिकों ने प्रशासन की निष्क्रियता के विरोध में सड़क जाम कर जोरदार नारेबाज़ी की। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि गरीब परिवार का बच्चा होने के कारण खोज कार्य में ढिलाई बरती गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि किसी प्रभावशाली व्यक्ति का बच्चा लापता हुआ होता तो प्रशासन पूरी ताक़त झोंक देता।

स्थिति बिगड़ते देख एसडीएम श्रीकांत विस्पुते, डीएसपी नीरज कुमार सिंह, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव तथा अन्य अधिकारी मौके पर पहुँचे और लोगों को शांत करने का प्रयास किया। मृतक की माँ ने भी अधिकारियों से गुहार लगाई कि खोज अभियान में तेजी लाई जाए। लगातार दबाव के बाद रविवार दोपहर खोजी दल ने फिर से प्रयास शुरू किए और कई घंटे की मेहनत के बाद बच्चे का शव नाले से बरामद किया। इस घटना ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं और स्थानीय लोग अब जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। Jharkhand News

About The Author

Related Posts