Haryana-Punjab Weather Update: घर से निकलने से पहले हो जाएं सावधान! हरियाणा, पंजाब में जमकर बरसेंगे ओले..!
Haryana-Punjab Weather Update: हिसार सच कहूँ/संदीप सिंहमार। प्री- मानसून की बरसात का असर राजस्थान के साथ-साथ हरियाणा में भी दिखाई देने लगा है। पिछले 24 घंटे के दौरान हरियाणा के फरीदाबाद, पंचकूला मेवात व महेंद्रगढ़ जिले में बारिश हुई। वहीं राजस्थान में तूफानी बारिश दर्ज की गई। इसी बीच हरियाणा के शेष इलाकों में दिन के वक्त तेज धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान में एक बार फिर से बढ़ोतरी दर्ज की गई। हरियाणा में सर्वाधिक तापमान भिवानी में 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हरियाणा के फरीदाबाद व पंचकूला में 15-15 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार दिल्ली व उसके साथ लगे हरियाणा के मौसम को इस समय दो चक्रवाती परिसंचरण प्रभावित कर रहे हैं। एक निम्न स्तर का परिसंचरण पश्चिम राजस्थान पर स्थित है और दूसरा झारखंड के ऊपर निम्न दबाव क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। इन दोनों को जोड़ने वाली पूरब-पश्चिम दिशा की ट्रफ दिल्ली के दक्षिण से होकर गुजर रही है, लेकिन यह बहुत पास है। जैसे-जैसे ये दोनों सिस्टम आगे बढ़ेंगे, ट्रफ धीरे-धीरे उत्तर की ओर खिसकेगी और शनिवार के बाद दिल्ली के उत्तर में पहुँच जाएगी। रविवार 22 जून तक यह ट्रफ पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के तराई क्षेत्रों में शिफ्ट हो जाएगी। इस ट्रफ की हलचल से किसी भी स्थान पर बारिश और गरज-चमक की गतिविधि शुरू हो सकती है। जिसमें दिल्ली व हरियाणा में भी बारिश होने के आसार हैं।
पश्चिम के ओर बढ़ेगा मौसमी सिस्टम
अगले दो दिनों में झारखंड पर बना परिसंचरण पश्चिम की ओर बढ़ेगा और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश व उत्तर मध्य प्रदेश के आसपास पहुँच जाएगा। इस सिस्टम की बाहरी सीमा के पास ट्रफ बने रहने से रविवार और सोमवार को मौसम प्रणाली सक्रिय रहेगी। इस स्थिति में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है।
आज व कल गरज-चमक के साथ होगी बारिश | Haryana-Punjab Weather Update
22 और 23 जून को दिल्ली-एनसीआर व हरियाणा में तेज गरज-चमक, बिजली गिरने, तेज हवाओं के साथ हल्की ओलावृष्टि होने की संभावना है। रविवार को मौसम गतिविधियाँ खासकर शाम और रात के समय अधिक तीव्र हो सकती हैं। इसका असर अगले दिन यानी 23 जून को भी बना रहेगा। 22 और 23 जून की यह बारिश दिल्ली और आसपास के इलाकों में मानसून की दस्तक के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित हो सकती हैं।