महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने दिया इस्तीफा

Published On

100 करोड़ की वसूली के लगे थे आरोप

मुम्बई। मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह के पिछले दिनों महाराष्ट्र के गृह मंत्री पर लगाए गए 100 करोड़ रुपये की वसूली के सनसनीखेज आरोप के बाद अनिल देशमुख पर गाज गिर गई है। अनिल देशमुख ने पद से इस्तीफा दे दिया है। माना जा रहा था कि बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा सोमवार को दिए गए सीबीआई जांच के आदेश के बाद अनिल देशमुख से इस्तीफा लिया जा सकता है। एनसीपी सूत्रों के अनुसार, देशमुख ने सोमवार दोपहर को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।

बॉम्बे हाईकोर्ट ने दिया फैसला

‘100 करोड़ रुपये’ वसूली के आरोपों में घिरे महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। सोमवार को बॉम्बे हाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह की याचिका पर सुनवाई करते हुए मामले की जांच सीबीआई से कराने का फैसला दिया। हालांकि, केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) तुरंत इस मामले में केस दर्ज नहीं करेगी। बॉम्बे हाईकोर्ट ने कहा कि इस मामले में एफआईआर दर्ज हुई है, पुलिस से जांच से अपील की गई थी। कोर्ट ने कहा कि जिन अनिल देशमुख पर आरोप लगाए गए हैं, वो ही राज्य के गृह मंत्री हैं।

ऐसे में निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस पर निर्भर नहीं रह सकते हैं। इसलिए सीबीआई को इस मामले की जांच करनी चाहिए। बॉम्बे हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि सीबीआई को शुरूआती जांच करनी चाहिए, जिसमें सभी को सहयोग करना होगा। 15 दिनों के अंदर सीबीआई के डायरेक्टर को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। अगर सीबीआई की रिपोर्ट में गृह मंत्री अनिल देशमुख पर केस पुख्ता बनता है, तो सीबीआई एफआईआर दर्ज करेगी।

क्या था मामला

बता दें कि मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने अपने तबादले के बाद चिट्ठी लिखी थी, जिसमें दावा किया था कि अनिल देशमुख द्वारा सचिन वाजे को मुंबई से 100 करोड़ रुपये की वसूली का टारगेट दिया गया था। परमबीर सिंह ने इनके अलावा भी अनिल देशमुख पर कई आरोप लगाए थे। परमबीर सिंह ने इस मामले में सबसे पहले सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने परमबीर सिंह को पहले हाईकोर्ट जाने के लिए कह दिया था। इसी के बाद परमबीर सिंह और अन्य लोगों ने अनिल देशमुख के खिलाफ एक्शन लेने की मांग करते हुए याचिका दायर की थी। महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख की ओर से इन आरोपों को नकारा गया था। साथ ही एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने अनिल देशमुख के इस्तीफे से इनकार कर दिया था।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts